'मुझे चुनें या अभिषेक को', तो कल्याण बनर्जी भी हुए TMC के बागी, ममता को दिया अल्टीमेटम! किसे बताया 'घमंडी'?

कल्याण बनर्जी ने कहा कि पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी को फैसला करना होगा कि वह पार्टी में उन्हें रखना चाहती हैं या अपने भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को। उन्होंने साफ कहा कि अगर ममता बनर्जी को लगता है कि पार्टी अभिषेक के बिना नहीं चल सकती, तो वह खुद पार्टी में नहीं रहेंगे

अपडेटेड Jun 11, 2026 पर 3:00 PM
क्या कल्याण बनर्जी भी हुए TMC के बागी, किसे बताया घमंडी?

तृणमूल कांग्रेस (TMC) इस वक्त टूट की कगार पर है और अंदरूनी विवाद लगातार खुल कर सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में ममता बनर्जी को एक और बड़ा झटका लगता दिख रहा है। पार्टी के वरिष्ठ सांसद कल्याण बनर्जी ने गुरुवार को ऐसा बयान दिया, जिससे बंगाल की सियासत में हलचल मच गई।

कल्याण बनर्जी ने कहा कि पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी को फैसला करना होगा कि वह पार्टी में उन्हें रखना चाहती हैं या अपने भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को। उन्होंने साफ कहा कि अगर ममता बनर्जी को लगता है कि पार्टी अभिषेक के बिना नहीं चल सकती, तो वह खुद पार्टी में नहीं रहेंगे।

पत्रकारों से बातचीत में कल्याण बनर्जी ने कहा, "मैं ममता बनर्जी के साथ हूं। लेकिन उन्हें तय करना होगा कि उन्हें अभिषेक चाहिए या मैं। अगर उन्हें लगता है कि पार्टी अभिषेक के बिना नहीं चल सकती, तो फिर मैं पार्टी में नहीं रहूंगा।"


हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अंतिम फैसला पूरी तरह ममता बनर्जी को ही करना है।

पार्टी में बढ़ीं अंदरूनी कलह की चर्चाएं

कल्याण बनर्जी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब TMC के अंदर गुटबाजी और नेताओं के बीच मतभेद की चर्चाएं पहले से चल रही हैं। उनके बयान को पार्टी के भीतर चल रहे शक्ति संघर्ष से जोड़कर देखा जा रहा है।

TMC सांसद और सीनियर वकील कल्याण बनर्जी ने कहा, "मैं अभिषेक बनर्जी का कोई भी केस नहीं लड़ूंगा, क्योंकि मुझे उनका घमंडी रवैया पसंद नहीं है। मैंने इस पेशे में 45 साल बिताए हैं; ये सभी लोग मेरे साथ जूनियर के तौर पर काम कर चुके हैं। वह मेरी बेइज्जती कैसे कर सकते हैं? राजनीति में भी मैं उनसे सीनियर हूं। वह ऐसा नहीं कर सकते। उन्हें यह समझना होगा कि उन्हीं की वजह से हम हारे हैं। उन्हें यह भी समझना होगा कि पार्टी उन्हीं की वजह से इस संकट का सामना कर रही है। मैं बेइज्जती बर्दाश्त नहीं कर सकता। मैं दीदी से गुजारिश करूंगा: अगर आप अभिषेक बनर्जी पर निर्भर रहेंगी, तो उन्हीं के साथ रहिए - मुझे छोड़ दीजिए। लेकिन अगर आप अभिषेक बनर्जी से अलग हो जाती हैं, तो मैं आपके साथ हूं। उन्होंने हमारी पार्टी को बर्बाद कर दिया है।"

कल्याण बनर्जी ने आगे, "जब तक यह 'बॉस' वाला रवैया रहेगा, पार्टी नहीं बचेगी। अगर अभिषेक बनर्जी वहां बने रहे, तो पार्टी नहीं टिकेगी। वह तृणमूल कांग्रेस नहीं हैं। हम दीदी के साथ हैं, लेकिन उन्हें तय करना होगा कि वह किसके साथ आगे बढ़ना चाहती हैं। अभिषेक बनर्जी के साथ उनका खून का रिश्ता है। दीदी को तय करना होगा - मेरा उनके साथ खून का रिश्ता नहीं है, लेकिन हम 35-40 साल से उनके साथ काम कर रहे हैं। इसलिए, दीदी को चुनना होगा कि वह उनके साथ आगे बढ़ेंगी जिनसे उनका खून का रिश्ता है, या हमारे साथ।"

CID की कार्रवाई पर भी उठाए सवाल

इससे पहले कल्याण बनर्जी ने ममता बनर्जी के कोलकाता स्थित घर पर पश्चिम बंगाल CID की टीम पहुंचने को लेकर भी नाराजगी जताई थी।

उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के खिलाफ कोई FIR दर्ज नहीं है और न ही उन्हें किसी मामले में गवाह बनाया गया है। ऐसे में उनके घर CID का जाना कानून के मुताबिक नहीं है।

कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से की जा रही है और इसका मकसद ममता बनर्जी को परेशान करना है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, पश्चिम बंगाल CID एक कथित हस्ताक्षर जालसाजी (सिग्नेचर फर्जीवाड़ा) मामले की जांच कर रही है। आरोप है कि TMC के कुछ विधायकों के हस्ताक्षर फर्जी तरीके से एक दस्तावेज में इस्तेमाल किए गए।

इस मामले की जांच के लिए CID ने पांच सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। जांच के दौरान 13 TMC विधायकों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें से तीन विधायकों ने दावा किया है कि दस्तावेज में मौजूद हस्ताक्षर उनके नहीं हैं।

जांच के सिलसिले में CID की टीम पहले अभिषेक बनर्जी के घर भी पहुंच चुकी है। वहीं हाल ही में टीम ममता बनर्जी के आवास भी गई थी, हालांकि उस समय वह दिल्ली दौरे पर थीं।

कल्याण बनर्जी के ताजा बयान के बाद TMC में चल रही अंदरूनी खींचतान और नेतृत्व को लेकर उठ रहे सवाल एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गए हैं।

सायोनी घोष की उम्र कितनी है, TMC में आने से पहले क्या करती थीं? खूब वायरल हो रहीं Saayoni Ghosh की फुल प्रोफाइल जानिए

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।