Karnataka Bus Accident: कर्नाटक में भीषण सड़क हादसा, बस और कंटेनर की टक्कर के बाद लगी आग में 9 यात्री जिंदा जले; 20 से ज्यादा गंभीर रूप से घायल

Hiriyur Bus Accident: हादसे के वक्त बस में कुल 32 यात्री सवार थे। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्री बस के भीतर ही फंस गए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे धूं-धूं कर जलती बस के पास स्थानीय लोग असहाय खड़े नजर आ रहे हैं

अपडेटेड Dec 25, 2025 पर 9:23 AM
Story continues below Advertisement
टक्कर होते ही बस में धमाका हुआ और वह आग के गोले में तब्दील हो गई

Karnataka Bus Accident: कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले से एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया है। गुरुवार तड़के हिरियूर के पास एक निजी बस और कंटेनर ट्रक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत के बाद बस में भीषण आग लग गई। इस भयानक मंजर में 9 यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। यह हादसा इतना अचानक और तेज था कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

टक्कर के बाद आग का गोला बनी बस

जानकारी के अनुसार, यह बस 'सी बर्ड' नाम की एक निजी ट्रेवल्स कंपनी की थी। हादसा उस वक्त हुआ जब बस एक कंटेनर वाहन से टकरा गई। टक्कर होते ही बस में धमाका हुआ और वह आग के गोले में तब्दील हो गई। हादसे के वक्त बस में कुल 32 यात्री सवार थे। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्री बस के भीतर ही फंस गए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे धूं-धूं कर जलती बस के पास स्थानीय लोग असहाय खड़े नजर आ रहे हैं।


पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी तक आग लगने के सटीक तकनीकी कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन शुरुआती तौर पर इसे टक्कर के बाद फ्यूल टैंक के फटने से जोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने घटना पर दुख जताते हुए अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।

24 घायलों की हालत नाजुक

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। झुलसे हुए 24 यात्रियों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कई घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, क्योंकि वे गंभीर रूप से झुलस चुके हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।