कर्नाटक के कोडागु जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुनील अचय्या की पत्नी संध्या अचय्या की जंगली हाथी के हमले में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार को टिटिमती इलाके के पास स्थित एक कॉफी बागान में हुई। बताया गया कि संध्या अचय्या बागान में चल रहे काम को देखने के लिए गई थीं। इसी दौरान कोनानकट्टे गांव के पास एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, संध्या अचय्या अपनी ननद सपना, दो एस्टेट असिस्टेंट और एक सुपरवाइजर के साथ सुबह करीब 8:45 बजे बागान का दौरा कर रही थीं। इसी दौरान कॉफी के घने पौधों के पीछे छिपा एक हाथी ने अचानक उन सब पर हमला कर दिया। अन्य लोग भागकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए, लेकिन संध्या फिसलकर गिर गईं और हाथी ने उन्हें कुचल दिया। उन्हें तुरंत गोनिकोप्पल के लोपामुद्रा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।
मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने जताया दुख
इस घटना पर मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने बताया कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने दिल्ली में डीजीपी पद पर तैनात सुनील अचय्या के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस दुखद घटना पर शोक जताते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदना जताई। अधिकारियों के मुताबिक, जंगली हाथी के हमले में लगी गंभीर चोटों के कारण संध्या अचय्या की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद डी.के. शिवकुमार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुनील अचय्या को फोन कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस दुखद हादसे पर गहरा शोक जताया।
शिवकुमार ने कहा, "यह बेहद दर्दनाक और दिल को झकझोर देने वाली घटना है। इसके बारे में जानकर मुझे बहुत दुख हुआ। इस कठिन समय में हम आपके और आपके परिवार के साथ हैं। भगवान आपको इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दे।" उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित अधिकारियों को जंगली हाथियों के बढ़ते खतरे से निपटने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक उपाय करेगी।