सूर्या हत्याकांड के बाद खोड़ा में पहली जुमे की नमाज, हिंदू संगठनों की चेतावनी! पुलिस ने छावनी में तब्दील किया पूरा इलाका

Khora News: सूर्या चौहान की हत्या से नाराज कुछ हिंदू संगठनों ने चेतावनी दी थी कि वे इस इलाके में जुमे की नमाज नहीं होने देंगे। इस चेतावनी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत पूरे क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रख दिया गया। सबसे ज्यादा संवेदनशील माहौल मृतक सूर्या चौहान के घर वाली गली में है। इस पूरी गली को पुलिस ने अपने घेरे में ले लिया है

अपडेटेड Jun 05, 2026 पर 1:51 PM
Khora News: सूर्या के हत्या के बाद खोड़ा में पहली जुमे की नमाज, हिंदू संगठनों की चेतावनी! पुलिस ने छावनी में तब्दील किया पूरा इलाका

गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में हुए सूर्याा चौहान हत्याकांड के बाद आज पहली जुमे की नमाज को लेकर जबरदस्त तनाव का माहौल देखने को मिल रहा है। हिंदू संगठनों की ओर से मिली चेतावनी के बाद पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कानून-व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए पूरे इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है।

हिंदू संगठनों की चेतावनी के बाद हाई अलर्ट

सूर्या चौहान की हत्या से नाराज कुछ हिंदू संगठनों ने चेतावनी दी थी कि वे इस इलाके में जुमे की नमाज नहीं होने देंगे। इस चेतावनी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत पूरे क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रख दिया गया। शांति बनाए रखने के लिए पुलिस ने चेतावनी देने वाले कुछ हिंदू संगठन के नेताओं को उनके घरों में ही नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया है या हिरासत में ले लिया है।


सड़कों पर फ्लैग मार्च और ड्रोन से नजर

इलाके में डर का माहौल खत्म करने और सुरक्षा का भरोसा देने के लिए डीसीपी धवल जायसवाल खुद कमान संभाले हुए हैं।

भारी पुलिस बल: रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और क्विक रिएक्शन टीम (QRT) के साथ पुलिस बल सड़कों पर मार्च निकाल रहा है।

चप्पे-चप्पे पर नजर: आसमान से ड्रोन कैमरों के जरिए हर गली और छत पर नजर रखी जा रही है।

1000 पुलिसकर्मी तैनात: चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा पुख्ता करने के लिए लगभग 1,000 पुलिस जवानों को ड्यूटी पर लगाया गया है।

दो शिफ्ट में होगी नमाज: पुलिस प्रशासन ने यह तय किया है कि खोड़ा में दो शिफ्ट में जुमे की नमाज कराई जाएगी। ताकि भीड़ को आराम से कंट्रोल किया जा सके और किसी भी अव्यवस्था या बवाल से बचा जा सके।

दोपहर 2 बजे तक दुकानें बंद रखने का आदेश

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर खोड़ा इलाके की सभी दुकानों को दोपहर 2:00 बजे तक (यानी जुमे की नमाज खत्म होने तक) बंद रखने का आदेश दिया है। हालांकि, आम जनता की आवाजाही पर कोई रोक नहीं लगाई गई है, लोग जरूरी कामों के लिए आ-जा सकते हैं।

सूर्या चौहान के घर के पास कड़ी सुरक्षा, मस्जिद के सामने पहरा

सबसे ज्यादा संवेदनशील माहौल मृतक सूर्या चौहान के घर वाली गली में है। इस पूरी गली को पुलिस ने अपने घेरे में ले लिया है।

हैरान करने वाली बात यह है कि सूर्या चौहान के घर के ठीक सामने वाली गली में ही एक मस्जिद है। इस वजह से वहां सुरक्षा और ज्यादा सख्त कर दी गई है। लोग पुलिस के कड़े पहरे के बीच नमाज पढ़ने पहुंच रहे हैं।

क्या कह रहे हैं स्थानीय लोग?

इलाके में तनाव का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि स्थानीय लोग कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं। फिर भी, दबी जुबान में लोगों के बीच इस पूरी घटना और भारी पुलिस तैनाती को लेकर मिली-जुली राय बनी हुई है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस हर हरकत पर पैनी नजर रखे हुए है।

3 साल का रिश्ता, ब्रेकअप और कत्ल! डिंपल पर चाकू से किए 30 वार, फिर हैरी ने खुद का गला भी रेता, जानिये मोहाली कांड की पूरी कहानी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।