उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आशियाना सेक्टर-एल निवासी वर्धमान पैथोलॉजी के मालिक मानवेंद्र सिंह की हत्या उनके ही 21 वर्षीय बेटे अक्षत ने गुस्से में आकर कर दी। वहीं अपने ही पिता की हत्या कर उनके शव के टुकड़े-टुकड़े करने वाले आरोपी बेटे अक्षत को जब पुलिस कोर्ट ले जाने के लिए निकली तब वह पहली बार मीडिया के कैमरे के सामने आया। इस दौरान उसने ये भी कहा कि 'उससे गलती से हो गया।'
पुलिस के अनुसार, 20 फरवरी की सुबह घर में हुए एक झगड़े के दौरान अक्षत ने गुस्से में अपने पिता मानवेंद्र सिंह को गोली मार दी। इसके बाद वह शव को घर की तीसरी मंजिल से नीचे ग्राउंड फ्लोर पर एक खाली कमरे में ले गया। वहां उसने मशीन की मदद से शव के कई टुकड़े कर दिए। बाद में उसने शरीर के हिस्सों को लखनऊ के बाहरी इलाके सदरौना के पास अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया, जो उसके घर से करीब 21 किलोमीटर दूर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी अपने पिता का धड़ भी ठिकाने लगाने के लिए एक नीले ड्रम में भरकर ले गया था। लेकिन तभी उसकी खड़ी कार पर किसी ने दस्तक दी, जिससे वह घबरा गया और धड़ को उसी ड्रम में छोड़कर वहां से चला गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी की बहन ने इस पूरे घटनाक्रम को देखा था। हालांकि, आरोप है कि अक्षत ने उसे चुप रहने की धमकी दी थी। पुलिस को गुमराह करने के लिए अक्षत ने खुद अपने पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। सूत्रों के मुताबिक, वारदात के बाद घर लौटने पर वह अपने दोनों मोबाइल फोन बार-बार ऑन और ऑफ कर रहा था, ताकि उसकी लोकेशन ट्रैक न हो सके। पुलिस ने दोनों फोन जब्त कर लिए हैं और उसका इंस्टाग्राम अकाउंट भी बंद कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
सूत्रों के मुताबिक, हत्या से कुछ दिन पहले ही अक्षत ने एक चाकू खरीदा था। इससे संकेत मिलता है कि यह वारदात पहले से योजना बनाकर की गई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि जब वह शव के टुकड़े कर रहा था, तब बदबू को दबाने के लिए उसने कमरे में रूम फ्रेशनर का इस्तेमाल किया। पुलिस इन सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर आगे की जांच कर रही है। जांच में सामने आया है कि हत्या से कुछ दिन पहले अक्षत ने घर से नकदी और गहने चुरा लिए थे। बाद में उसने इस चोरी का आरोप घर में काम करने वाली नौकरानी पर लगा दिया था।
पड़ोसियों के मुताबिक, अक्षत ने यह पैसे अपनी गर्लफ्रेंड के लिए महंगे उपहार खरीदने और मौज-मस्ती में खर्च करने के लिए लिए थे। उन्होंने यह भी बताया कि उसके पिता मानवेंद्र सिंह को उसके रिश्ते के बारे में जानकारी थी। पड़ोसी का दावा है कि अक्षत को नशे की लत भी थी, जिससे उसके पिता काफी परेशान रहते थे।