Get App

लाइव ब्लॉग

Akhilesh Nath Tripathi JANUARY 16, 2026 / 9:42 PM IST

BMC Election Results : महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों में 'महायुति' की प्रचंड जीत! पीएम मोदी ने जताया जनता का आभार

BMC Election Results: महाराष्ट्र में 29 नगर निकायों के लिए हुए चुनाव में मतों की गिनती शुक्रवार (16 जनवरी) सुबह 10 बजे से जारी है। मतों की गिनती शुरू होने के बाद बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) के 227 वार्ड में से 210 वार्ड के रुझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसकी सहयोगी शिवसेना को बहुमत मिल गई है। मुंबई समेत महाराष्ट्र की 29 में से करीब 20 नगर निकायों में 'महायुति' आगे चल रही है

Maharashtra BMC Elections Result: बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) चुनावों के लिए वोटों की गिनती आज, 16 जनवरी को मुंबई के 23 तय सेंटर्स पर सुबह 10 बजे से शुरू हुई। सभी 227 सिविक वार्ड्स में वोटिंग गुरुवार, 15 जनवरी को हुई थी। देश की सबसे अमीर महानगरपालिका बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) सहित महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के लिए गुरुवार (16 जनवरी) शाम 5:30 बजे मतदान

BMC Election Results Live: भारतीय जनता पार्टी (BJP) महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों में प्रचंड बहुमत की ओर बढ़ रही है
BMC Election Results Live: भारतीय जनता पार्टी (BJP) महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों में प्रचंड बहुमत की ओर बढ़ रही है
JANUARY 16, 2026 / 7:11 PM IST

BMC Election Results Live : पीएम मोदी ने कही ये बात

महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव में मिली बंपर जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर जनता का आभार जताया है। उन्होंने लिखा कि,  धन्यवाद महाराष्ट्र! राज्य के मेहनती लोगों ने NDA के जन-समर्थक सुशासन के एजेंडे को आशीर्वाद दिया है! अलग-अलग नगर निगम चुनावों के नतीजे बताते हैं कि महाराष्ट्र के लोगों के साथ NDA का रिश्ता और मज़बूत हुआ है। हमारा ट्रैक रिकॉर्ड और विकास का विज़न लोगों को पसंद आया है। पूरे महाराष्ट्र के लोगों का मैं आभारी हूं। यह वोट प्रगति को गति देने और राज्य की शानदार संस्कृति का जश्न मनाने के लिए है। मुझे हर उस NDA कार्यकर्ता पर बहुत गर्व है जिसने पूरे महाराष्ट्र में लोगों के बीच अथक मेहनत की। उन्होंने हमारे गठबंधन के ट्रैक रिकॉर्ड के बारे में बात की, आने वाले समय के लिए हमारे विज़न को सामने रखा और विपक्ष के झूठ का भी प्रभावी ढंग से जवाब दिया। उन्हें मेरी शुभकामनाएं।

    JANUARY 16, 2026 / 6:39 PM IST

    BMC Election Results Live : ड्रॉ पर खत्म होगा मैच - संजय राउत

    महाराष्ट्र निकाय चुनावों पर शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने कहा, "अभी प्रतिक्रिया देने का समय नहीं आया है। मुंबई में जिस तरह से वोटों की गिनती चल रही है, उसे देखते हुए अंतिम नतीजे आधी रात तक नहीं आएंगे। जो आंकड़े जारी किए जा रहे हैं, वे गलत हैं। लगभग 100 वार्डों में तो अभी वोटों की गिनती शुरू भी नहीं हुई है... हालांकि मैं यह मानूंगा कि यह मुकाबला कांटे का है। टक्कर कड़ी है। लेकिन यह सच नहीं है कि शिवसेना (UBT) बहुत पीछे है, जैसा कि कुछ लोग दावा कर रहे हैं... जो आंकड़े आप अभी देख रहे हैं, वे बदलेंगे... हमारे 60 पार्षद शिंदे गुट में शामिल हो गए थे। उनमें से लगभग सभी हार गए... शायद यह मैच ड्रॉ पर खत्म हो सकता है।"

      JANUARY 16, 2026 / 6:10 PM IST

      BMC Election Results Live : 'विकास ही है एजेंडा...', देवेंद्र फडणवीस

      बीजेपी मुख्यालय पहुंच CM फडणवीस ने पार्टी कर्याकर्ताओं और लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस चुनाव में वह विकास का मुद्दा लेकर गए थे। परिणाम अब सबके साफ़ है। जनता ने सबको दिखा दिया कि उन्हें बस विकास से मतलब है।

        JANUARY 16, 2026 / 5:57 PM IST

        BMC Election Results Live : पीएम मोदी हैं महाराष्ट्र के लोगों का भरोसा...देवेंद्र फडणवीस

        महाराष्ट्र निकाय चुनावों पर राज्य के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "हमने पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास के विजन के साथ ये चुनाव लड़े... इसीलिए हमें इन चुनावों में रिकॉर्ड तोड़ जनादेश मिला... इन नतीजों से साफ हो गया है कि महाराष्ट्र पीएम मोदी पर बहुत भरोसा करता है।"

          JANUARY 16, 2026 / 5:34 PM IST

          BMC Election Results Live: गडकरी ने फडणवीस-शिंदे को दी बधाई

          केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र में बीएमसी सहित 29 निकायों के चुनाव में BJP-शिवसेना गठबंधन की बढ़त के रुझानों के बीच राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी। गडकरी ने X पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र की प्रगति की यात्रा को और भी अधिक मजबूती मिलेगी।

          उन्होंने नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना के शानदान प्रदर्शन के लिए फडणवीस, शिंदे, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले और सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। गडकरी ने कहा कि वह राज्य की जनता के प्रति आभारी हैं, जिन्होंने विकास को प्राथमिकता देते हुए 'महायुति' पर भरोसा जताया।

            JANUARY 16, 2026 / 4:55 PM IST

            BMC Election Results Live: लातूर महानगर पालिका पर कांग्रेस को बहुमत, 70 में से 43 सीटों पर जीत

            कांग्रेस ने शुक्रवार (16 जनवरी) को मध्य महाराष्ट्र की लातूर महानगर पालिका का चुनाव जीत लिया। यहां पार्टी को 70 में से 43 सीटों पर विजय के साथ स्पष्ट बहुमत हासिल हुआ। जबकि बीजेपी 22 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही। स्थानीय राजनीतिक जानकारों का मानना ​​है कि महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने मतदान से कुछ दिन पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और दिवंगत मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख पर विवादित टिप्पणी की। इससे कांग्रेस उम्मीदवारों को लाभ मिला। अधिकारियों के अनुसार, कांग्रेस को 43 सीटें मिलीं। बीजेपी को 22, वंचित बहुजन आघाड़ी को 4 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को एक सीट पर जीत मिली।

              JANUARY 16, 2026 / 4:39 PM IST

              BMC Election Results Live: 'महायुति को दो-तिहाई बहुमत मिलने की उम्मीद'

              महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) राज्य नगर निकाय चुनावों में बहुमत की ओर बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी के नेतृत्व वाला 'महायुति' गठबंधन दो-तिहाई बहुमत हासिल कर लेगा। बावनकुले ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने विकास के लिए मतदान किया है। रुझानों के अनुसार मुंबई महानगरपालिका चुनाव में 227 में से 210 वार्ड में BJP और उसकी सहयोगी शिवसेना आगे हैं। इनके अनुसार भाजपा कई अन्य नगर निकायों में भी बढ़त बनाए हुए है।

                JANUARY 16, 2026 / 4:20 PM IST

                BMC Election Results Live: महाराष्ट्र निकाय चुनाव में कहां कितना हुआ वोटिंग?

                महाराष्ट्र में गुरुवार को हुए 29 नगर निकायों के चुनाव में 54.77 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। राज्य की नवगठित इचलकरंजी महानगरपालिका में सबसे ज्यादा 69.76 फीसदी। जबकि मीरा-भयंदर महानगरपालिका में सबसे कम 48.64 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव में 52.94 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

                आयोग ने बताया कि ठाणे महानगरपालिका चुनाव में 55.59 फीसदी, कल्याण-डोंबिवली में 50.32, नवी मुंबई में 57.15, उल्हासनगर में 52.10, भिवंडी निजामपुर में 53.43, वसई-विरार में 57.12, पनवेल में 55.67, नासिक में 56.67, मालेगांव में 64.08, धुले में 56.73, जलगांव में 53.60 फीसदी मतदान हुआ।

                इसके अलावा अहिल्यानगर में 64.67 फीसदी, पुणे में 52.42, पिंपरी-चिंचवड़ में 57.71, सोलापुर में 53.02, कोल्हापुर में 66.53, सांगली-मिराज-कुपवाड में 61.03, छत्रपति संभाजीनगर में 59.82, नांदेड़-वाघाला में 61.37, लातूर में 60.08, परभणी में 65.99, अमरावती में 54.10, अकोला में 55.61, नागपुर में 51.38, चंद्रपुर में 56.89 और जालना में 61.16 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

                  JANUARY 16, 2026 / 3:46 PM IST

                  BMC Election Results Live: पुणे और पिंपरी चिंचवड में BJP ने NCP के दोनों गुट को पछाड़ा

                  महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों के लिए शुक्रवार सुबह शुरू हुई मतगणना के शुरुआती रुझानों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (BJP) पुणे और पिंपरी चिंचवड नगर निगमों में उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और उनके चाचा शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP (शरदचंद्र पवार) दोनों गुट के गठबंधन से आगे निकल गई है। पश्चिमी महाराष्ट्र क्षेत्र में भाजपा कोल्हापुर, सातारा, सोलापुर और सांगली नगर निकायों में भी बढ़त बनाए हुए है।

                  पुणे और पिंपरी चिंचवड में भाजपा का प्रदर्शन संकेत देता है कि एकजुट NCP गुटों की चुनौती को उसने प्रभावी रूप से कमजोर कर दिया है। BJP ने 2017 से 2022 तक पुणे और पिंपरी चिंचवड नगर निकायों में अकेले सत्ता संभाली थी। बाद में आरक्षण मुद्दे को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा नगर निकाय चुनावों पर रोक लगाए के बाद हुई देरी के कारण इन निकायों का नियंत्रण प्रशासक के पास रहा। पुणे और पिंपरी चिंचवड में बीजेपी अपने महायुति सहयोगियों NCP और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना से अलग स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ रही है। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और कांग्रेस भी मैदान में हैं।

                  81 सदस्यीय कोल्हापुर नगर निकाय में महायुति के सहयोगी दल BJP, शिवसेना और NCP 25 सीट पर आगे हैं। जबकि विपक्षी महा विकास आघाडी 21 वार्ड में आगे है। महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों के चुनाव कई वर्षों के अंतराल के बाद कराए गए जबकि इनमें से अधिकतर के कार्यकाल 2020 से 2023 के बीच समाप्त हो गए थे।

                    JANUARY 16, 2026 / 3:30 PM IST

                    BMC Election Results Live : मुंबई के लोगों ने बीजेपी पर जताया भरोसा

                    महाराष्ट्र विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर ने कहा, "सबसे पहले, मैं मुंबई के लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं और बीजेपी गठबंधन पर भरोसा जताने के लिए उनका आभार व्यक्त करता हूं... यह जनादेश मुंबई के विकास के लिए दिया गया है। हमने मेट्रो रेल नेटवर्क, कोस्टल रोड और ट्रांस हार्बर लिंक जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स उन्हें समर्पित करके मुंबई के लोगों का भरोसा जीता है, और यह जनादेश शहर के विकास के लिए मुंबई के लोगों की इच्छा को दिखाता है..."

                      JANUARY 16, 2026 / 3:20 PM IST

                      BMC Election Results Live : एक परिवार के तीन लोगों ने दर्ज की जीत

                      इन चुनावों में प्रह्लाद म्हात्रे ने महाराष्ट्र नवनिर्माण (एमएनएस) के उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की। वहीं रेखा म्हात्रे ने शिवसेना के टिकट पर चुनाव जीत लिया। परिवार के एक और सदस्य रवीण म्हात्रे ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के लिए एक वार्ड अपने नाम किया। हालांकि परिवार के लिए व्यक्तिगत जीत के बावजूद, कुल नतीजे प्रह्लाद म्हात्रे के लिए खास खुश करने वाले नहीं रहे। वजह यह रही कि ठाणे नगर निगम चुनावों में बीजेपी-शिवसेना गठबंधन ने ज़्यादातर सीटों पर कब्जा जमाते हुए साफ बढ़त बना ली।

                        JANUARY 16, 2026 / 3:11 PM IST

                        BMC Election Results Live : संजय राउत पर सुधांशु त्रिवेदी का पलटवार

                        शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत के बयान पर, BJP सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "जो लोग अपने गठबंधन सहयोगियों को साथ नहीं रख पाते और उनसे अलग हो जाते हैं, वे दूसरों पर क्या आरोप लगा रहे हैं? सच तो यह है कि 2024 के बाद तथाकथित INDI गठबंधन टूटने के बाद से कोई राज्य या नगर निगम चुनाव नहीं हुए हैं... संजय राउत जो भी दावा कर रहे हैं, मेरा मानना ​​है कि शिवसेना (UBT), जो खुद को बालासाहेब ठाकरे का वारिस बताती है, उसे आत्ममंथन करना चाहिए... जबकि बालासाहेब ठाकरे हिंदुत्व और हिंदू हृदय सम्राट के प्रतीक थे, शिवसेना (UBT) अब ऐसे गठबंधन का हिस्सा है जिसमें मुस्लिम लीग शामिल है और जिसके सदस्य आतंकवादियों का महिमामंडन करते हैं... मुझे लगता है कि महाराष्ट्र की जनता इसका ज़रूर अच्छा जवाब देगी।"

                          JANUARY 16, 2026 / 2:58 PM IST

                          BMC Election Results Live: एशिया के सबसे बड़े नगर निगम BMC चुनावों में 'महायुति' की प्रचंड जीत, BJP ने महाराष्ट्र की जनता दिया धन्यवाद

                          BJP सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने शुक्रवार को कहा कि आज महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों में भाजपा और हमारे गठबंधन सहयोगियों के साथ 'महायुति' ने शानदार सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में BJP और NDA के प्रति स्वीकार्यता लगातार बढ़ रही है।

                          प्रवक्ता ने कहा कि कुछ दिन पहले केरल नगर निगम चुनावों में तिरुवनंतपुरम में पहली बार हमने बहुमत हासिल किया। आज देश के एशिया के सबसे बड़े नगर निगम BMC चुनावों में जो अभूतपूर्व सफलता 'महायुति' को मिली है। उन्होंने कहा कि उसके लिए हम महाराष्ट्र की जनता का धन्यवाद करते हैं।

                            JANUARY 16, 2026 / 2:39 PM IST

                            BMC Election Results Live: बीजेपी की तेजस्वी घोसालकर और शिवसेना उम्मीदवार रेखा यादव विजयी

                            भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उम्मीदवार तेजस्वी घोसालकर ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की नेता एवं अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी धनश्री विलास कोलगे को हराकर जीत दर्ज की। अधिकारियों ने बताया कि दहिसर की वार्ड संख्या दो से चुनाव लड़ रहीं घोसालकर को 16,484 वोट मिले। जबकि कोलगे को 5,729 वोट प्राप्त हुए। उनकी जीत का अंतर 10,755 वोट रहा।

                            दहिसर के पश्चिमी उपनगर में वार्ड संख्या एक में शिवसेना की रेखा यादव को 7,544 वोट मिले। उन्होंने कांग्रेस की शीतल म्हात्रे को पराजित किया। म्हात्रे को 5,070 वोट मिले। यादव को करीब 2,500 वोट के अंतर से विजेता घोषित किया गया। मतों की गिनती शुक्रवार सुबह शुरू होने के बाद बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) चुनाव के, 227 वार्ड में से 210 वार्ड के रुझानों के अनुसार भाजपा और उसकी सहयोगी शिवसेना आगे हैं।

                            राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से हालांकि कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। लेकिन विभिन्न टीवी चैनल के अनुसार, मुंबई के 92 वार्ड में बीजेपी आगे है। जबकि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना 26 वार्ड में आगे है।

                              JANUARY 16, 2026 / 2:14 PM IST

                              BMC Election Results Live: महाराष्ट्र की 29 में से 24 नगर निकायों में 'महायुति' आगे! बीएमसी में BJP को पूर्ण बहुमत

                              महाराष्ट्र में 29 नगर निकायों के लिए हुए चुनाव में मतों की गिनती शुक्रवार (16 जनवरी) सुबह 10 बजे से जारी है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) के 227 वार्ड में से 210 के रुझानों के अनुसार BJP और उसकी सहयोगी शिवसेना को बहुमत मिल गई है। मुंबई समेत महाराष्ट्र की 29 में से 24 नगर निकायों में 'महायुति' आगे चल रही है।

                                JANUARY 16, 2026 / 1:45 PM IST

                                BMC Election Results Live: शिवसेना (UBT) के निशिकांत शिंदे ने प्रभादेवी में शिंदे सेना के सर्वंकर को हराया

                                शिंदे सेना के उम्मीदवार समाधान सदा सर्वंकर अपने गढ़ जी/साउथ वार्ड नंबर 194 में सेना यूबीटी के निशिकांत गोविंद शिंदे से मात्र 582 वोटों से हार गए। निशिकांत शिंदे को जहां 15,235 वोट मिले। वहीं सरवणकर को 14,191 वोट मिले। इसी के साथ वह 582 के अंतर से हार गए।

                                  JANUARY 16, 2026 / 1:31 PM IST

                                  BMC Election Results Live: कांग्रेस उम्मीदवार साहिल केदारी ने PMC चुनावों में जीत का मनाया जश्न

                                  पुणे के पूर्व मेयर और वार्ड नंबर 18 से कांग्रेस उम्मीदवार साहिल केदारी काउंटिंग सेंटर के बाहर PMC चुनावों में अपनी जीत का जश्न मनाते हुए दिखाई दिए। महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों के लिए शुक्रवार सुबह शुरू हुई मतगणना के शुरुआती रुझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (BJP) बढ़त बनाए हुए है।

                                    JANUARY 16, 2026 / 1:07 PM IST

                                    BMC Election Results Live: अब तक के रुझानों में विदर्भ में बीजेपी आगे

                                    महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में नगर निकाय चुनावों के लिए शुक्रवार सुबह शुरू हुई मतगणना के शुरुआती रुझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (BJP) बढ़त बनाए हुए है। इस क्षेत्र में नागपुर, चंद्रपुर, अकोला और अमरावती शामिल हैं। राज्य में बृहस्पतिवार को 25 अन्य निकायों के साथ इन चार नगर निकायों में भी मतदान हुआ था। अधिकारियों द्वारा शेयर किए गए शुरुआती रुझानों के अनुसार, नागपुर नगर निगम की 151 सीट में से BJP 74 पर आगे है। इसके बाद कांग्रेस 22 पर और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) दो पर आगे है।

                                    नागपुर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जैसे बड़े नेताओं का गढ़ है। अकोला नगर निकाय की 80 सीट में से भाजपा 35 पर आगे है जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार 15 सीट पर आगे हैं। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना आठ सीट पर आगे है। इसके बाद उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) सात वार्ड में आगे हैं।

                                      JANUARY 16, 2026 / 12:37 PM IST

                                      BMC Election Results Live: 'आयोग नागरिकों को गुमराह कर रहा'; महाराष्ट्र निकाय चुनाव में 'स्याही' विवाद पर राहुल गांधी

                                      महाराष्ट्र निकाय चुनावों में मार्कर पेन में इस्तेमाल होने वाली पक्की स्याही की गुणवत्ता को लेकर उठे विवाद के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने निर्वाचन आयोग पर नागरिकों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कहा कि वोट चोरी एक देश विरोधी कृत्य है। महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग ने गुरुवार शाम को कहा कि वह विपक्ष के नेताओं के आरोपों के बाद निकाय चुनावों में इस्तेमाल मार्कर पेन वाली 'पक्की' स्याही की गुणवत्ता की पूरी जांच करेगा। विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया था कि मतदाताओं की उंगली पर लगा निशान आसानी से हटाया जा सकता है, जिससे फर्जी मतदान हो सकता है।

                                        JANUARY 16, 2026 / 12:18 PM IST

                                        Maharashtra BMC Chunav Result live: वसई-विरार नगर निगम के अपडेट

                                        बीजेपी 617 सीटों के साथ महाराष्ट्र निकाय चुनावों में सबसे आगे है। जबकि कांग्रेस और ठाकरे ब्रदर्स को बड़ा झटका लगा है। वसई-विरार नगर निगम की गिनती के दूसरे राउंड में BVA 113 सीटों के साथ आगे है। जबकि शिवसेना (UBT) के पास 2 सीटें हैं। वहीं BJP, शिवसेना, NCP, कांग्रेस, NCP (SP) और अन्य के पास कोई सीट नहीं है।

                                          JANUARY 16, 2026 / 12:11 PM IST

                                          Pune Chunav Results 2026: पुणे में कौन कितने सीटों पर आगे?

                                          पुणे में सुबह 11.30 बजे के अपडेट के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी 42 सीटों पर आगे है। जबकि शिवसेना (UBT) चार सीटों पर, NCP(SP) तीन सीटों पर और कांग्रेस दो सीटों पर आगे है।

                                            JANUARY 16, 2026 / 12:02 PM IST

                                            Maharashtra BMC Chunav Result live: संजय राउत का दावा- MVA वाले इलाकों से 'हजारों वोटर्स' के नाम गायब

                                            उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाले शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने आरोप लगाया है कि जिन इलाकों में शिवसेना (UBT), MNS और कांग्रेस को सपोर्ट मिलता है, वहां से हजारों वोटर्स के नाम गायब हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई वार्डों में EVM खराब हो गईं। जबकि शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया गया।

                                              JANUARY 16, 2026 / 11:53 AM IST

                                              Maharashtra BMC Chunav Result live: बीजेपी के नवनाथ बान वार्ड नंबर 135 से जीते

                                              देश की सबसे अमीर महानगरपालिका बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनावों में बीजेपी के नवनाथ उत्तम बान ने वार्ड नंबर 135 (एम/ईस्ट) से जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस के वसंत नामदेव कुम्हार और एनसीपी के अक्षय मोहन पवार को हराया।

                                                JANUARY 16, 2026 / 11:37 AM IST

                                                Maharashtra BMC Chunav Result live: 'महायुति की प्रचंड जीत होगी...'; शिवसेना नेता शाइना एन.सी. का दावा

                                                शिवसेना नेता शाइना एन.सी. ने महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव पर कहा, "एग्जिट पोल के नतीजे सिर्फ एक ट्रेलर हैं। दो घंटे के अंदर यह साफ़ हो जाएगा कि असली तस्वीर अभी सामने आनी बाकी है। महायुति की प्रचंड जीत होगी... हमारे नेता द्वारा किए गए काम के नतीजे दिखेंगे... उद्धव ठाकरे को अपना स्क्रिप्टराइटर बदल देना चाहिए क्योंकि हर दो घंटे में वह स्याही, चुनाव आयोग और पैसे के गलत इस्तेमाल की बात करते रहते हैं। प्रजातंत्र में हार-जीत जनता तय करती है...।" मतों की गिनती सुबह 10 बजे शुरू हुई।

                                                  JANUARY 16, 2026 / 11:27 AM IST

                                                  Maharashtra BMC Chunav Result live: मुंबई में BJP गठबंधन को भारी बढ़त, ठाणे में शिवसेना आगे

                                                  मतों की गिनती शुक्रवार सुबह शुरू होने के बाद शुरुआती रुझानों के अनुसार, बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसकी सहयोगी शिवसेना काफी आगे हैं। करीब दो दशक बाद साथ आए ठाकरे चचेरे भाई मुंबई में सत्तारूढ़ गठबंधन से बहुत पीछे हैं।

                                                    JANUARY 16, 2026 / 11:14 AM IST

                                                    Maharashtra BMC Chunav Result live: महाराष्ट्र में जारी मतगणना के बीच पुलिस का लाठीचार्ज!

                                                    महाराष्ट्र सरकार में मंत्री संजय शिरसाट ने शुक्रवार को कहा कि कल मतदान हुआ और आज मतगणना है। मतगणना के दिन कार्यकर्ता प्रतिनिधि बनकर (काउंटिंग सेंटर में)अंदर जाते रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अंदर आते वक्त पुलिस ने हमारे कार्यकर्ताओं को घेरकर उनपर लाठीचार्ज किया...पुलिस की यह हरकत गलत है और उनपर कार्रवाई होनी चाहिए...हमारे लिए पहले हमारा कार्यकर्ता जरूरी है, वो हमारे लिए सबकुछ है।

                                                      JANUARY 16, 2026 / 10:58 AM IST

                                                      Maharashtra BMC Chunav Result live: 'EVM ठीक से काम नहीं करती...'; BMC चुनावों पर संजय राउत का आरोप

                                                      महाराष्ट्र निकाय चुनावों के लिए वोटों की गिनती जारी है। इस बीच शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने आरोप लगाया कि गुरुवार को मुंबई में वोटिंग के दौरान इस्तेमाल की गई EVM ठीक से काम नहीं करतीं। उन्होंने कहा, "मुंबई जैसे शहर में जो वोटिंग पैटर्न चल रहा है, वह एक गंभीर मामला है। हजारों लोगों के नाम, जिन्होंने विधानसभा चुनावों में भी वोट दिया था, उन इलाकों से गायब हैं जहां शिवसेना (UBT), MNS या कांग्रेस है... EVM मशीन ठीक से काम नहीं करती... चुनाव आयोग हमारी बात सुनने को तैयार नहीं है। कल बीजेपी के सीनियर नेताओं और चुनाव आयोग के स्टाफ के बीच एक मीटिंग हुई, क्यों? आचार संहिता अभी भी लागू है।"

                                                        JANUARY 16, 2026 / 10:49 AM IST

                                                        Maharashtra BMC Chunav Result live: 893 वार्डों की 2,869 सीटों के लिए हुआ चुनाव

                                                        महाराष्ट्र के इन नगर निकायों के 893 वार्डों की 2,869 सीटों के लिए बृहस्पतिवार को मतदान हुआ, जिनमें मुंबई की 227 सीटें शामिल हैं। इन 29 नगर निकायों में कुल 15,931 उम्मीदवार मैदान में हैं, जहां 3.48 करोड़ पात्र मतदाता हैं। मतदान समाप्त होने के बाद राज्य निर्वाचन आयुक्त दिनेश वाघमारे ने बताया कि 29 नगर निकायों में लगभग 50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

                                                          JANUARY 16, 2026 / 10:26 AM IST

                                                          Maharashtra BMC Chunav Result live: बीएमसी चुनाव परिणाम पर टिकी सभी की निगाहें

                                                          महाराष्ट्र में 29 नगर निकायों के लिए हुए चुनाव में मतों की गिनती शुक्रवार (16 जनवरी) सुबह 10 बजे शुरू हो गई। इसमें बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) के नतीजों पर सभी की निगाहें टिकी हैं। बीएमसी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले 'महायुति' गठबंधन की भारत के सबसे धनी नगर निकाय पर कंट्रोल के वास्ते फिर एक हुए ठाकरे बंधुओं के साथ प्रतिष्ठा की लड़ाई है।

                                                            JANUARY 16, 2026 / 10:06 AM IST

                                                            Maharashtra BMC Chunav Result live: इंतजार खत्म! बीएमसी समेत महाराष्ट्र की 29 नगर पालिकाओं के लिए मतगणना शुरू

                                                            देश की सबसे अमीर महानगरपालिका बृहन्ममुंबई महानगर पालिका (BMC) 227 पार्षदों को चुनने के लिए हुए मतदान के बाद अब मतों की गणना शुरू हो चुकी है। BMC के गुरुवार को हुए चुनाव में 52.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया जो 2017 में हुए 55.53 प्रतिशत मतदान से कम है।

                                                              JANUARY 16, 2026 / 9:53 AM IST

                                                              Maharashtra BMC Chunav Result live: मतगणना शुरू होने के ठीक पहले मतदान प्रतिशत जारी

                                                              बृहन्ममुंबई महानगर पालिका (BMC) के गुरुवार को हुए चुनाव में 52.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया जो 2017 में हुए 55.53 प्रतिशत मतदान से कम है। मतगणना शुरू होने से ठीक पहले बीएमसी द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक उपनगर भांडुप के वार्ड नंबर 114 में सबसे अधिक 64.53 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जबकि दक्षिण मुंबई के कोलाबा इलाके के वार्ड नंबर 227 में सबसे कम 20.88 प्रतिशत मतदान हुआ।

                                                              अधिकारियों ने बताया कि महानगर में 1.03 करोड़ से अधिक पात्र मतदाताओं में से 52.94 प्रतिशत ने गुरुवार सुबह 7.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान समाप्त होने के 15 घंटे से अधिक समय बाद बीएमसी ने अंतिम मतदान प्रतिशत की घोषणा की। अधिकारियों ने बताया कि मुंबई में 25 निर्धारित मतगणना केंद्रों पर सुबह 10 बजे से मतगणना शुरू होगी।

                                                                JANUARY 16, 2026 / 9:40 AM IST

                                                                Maharashtra BMC Chunav Result live: महानगरपालिका चुनावों में 52.94 प्रतिशत मतदान हुआ

                                                                बृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनावों में 52.94 प्रतिशत मतदान हुआ है। इससे पहले 2017 में यह 55.53 प्रतिशत रहा था। बृह्नमुंबई महानगर पालिका सहित महाराष्ट्र की 29 महानगर पालिकाओं के चुनाव के लिए मतगणना 10 बजे शुरू होगी। इसमें उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) और महायुति के बीच कड़ा मुकाबला है।

                                                                  JANUARY 16, 2026 / 9:27 AM IST

                                                                  BMC Election Result 2026 Live Updates: राज ठाकरे का निर्वाचन आयोग पर गंभीर आरोप

                                                                  शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को महाराष्ट्र निकाय चुनावों में अनियमितताओं का दावा किया और इसे लोकतंत्र की हत्या का प्रयास करार दिया। उन्होंने मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के क्रूर, धोखाधड़ीपूर्ण, भ्रष्ट और तानाशाह शासन को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।

                                                                  उद्धव और उनके चचेरे भाई एवं महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे ने राज्य निर्वाचन आयोग पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधते हुए दावा किया कि मतदाताओं की उंगलियों पर लगी स्याही को आसानी से मिटाया जा सकता है।

                                                                    JANUARY 16, 2026 / 9:05 AM IST

                                                                    BMC Election Result 2026 Live Updates: BMC वोट गिनती के लिए 2,200 से अधिक स्टाफ तैनात

                                                                    BMC ने वोट गिनती की प्रक्रिया के लिए 2,299 अधिकारियों और कर्मचारियों को तैनात किया है। इसमें 759 सुपरवाइज़र, 770 असिस्टेंट और 770 क्लास IV कर्मचारी शामिल हैं, जिन्हें पहले ही ट्रेनिंग दी जा चुकी है। देश की सबसे अमीर महानगरपालिका के 227 पार्षदों को चुनने के लिए गुरुवार सुबह 7:30 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हुआ जो शाम 5:30 बजे समाप्त हुआ।

                                                                      JANUARY 16, 2026 / 8:51 AM IST

                                                                      BMC Election Result 2026 Live Updates: एग्जिट पोल में 'महायुति' की BMC में प्रचंड जीत का अनुमान

                                                                      निकाय चुनाव के बाद सामने आए JVC एग्जिट पोल के अनुसार, महाराष्ट्र में सत्ताधारी 'महायुति' गठबंधन 227 में से 138 सीटें जीत सकती है। वहीं, एक्सिस माई इंडिया पोल ने भी महायुति के लिए 131 से 151 सीटों के साथ शानदार जीत का अनुमान लगाया है। अब नतीजे आने के बाद पता चलेगा किसका एग्जिट पोल सही है और किसका गलत...।

                                                                        JANUARY 16, 2026 / 8:32 AM IST

                                                                        BMC Election Result 2026 Live Updates: उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने मिलाया हाथ

                                                                        लगभग दो दशकों की दूरी के बाद चचेरे भाई उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने 2026 के BMC चुनावों के लिए हाथ मिला लिया है। उनकी पार्टियों शिवसेना (UBT) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने प्रतिद्वंद्वी गठबंधनों को चुनौती देने के लिए सीटों के बंटवारे का समझौता किया है। अलायंस के तहत शिवसेना (UBT) लगभग 160 वार्डों में चुनाव लड़ रही है। जबकि MNS ने लगभग 53 वार्डों में उम्मीदवार उतारे हैं।

                                                                          JANUARY 16, 2026 / 8:19 AM IST

                                                                          BMC Election Result 2026 Live Updates: एग्जिट पोल में 'महायुति' का जलवा

                                                                          एग्जिट पोल के अनुमानों के अनुसार, बीजेपी की अगुवाई वाली 'महायुति' गठबंधन सबसे बड़े ब्लॉक के रूप में उभरने वाला है। JVC के एक सर्वे में गठबंधन को 138 सीटें मिलने का अनुमान है। जबकि द सकाळ एग्जिट पोल का अनुमान है कि 'महायुति' लगभग 119 सीटें जीतेगी, जो बहुमत के आंकड़े से काफी ज्यादा है।

                                                                            JANUARY 16, 2026 / 8:10 AM IST

                                                                            BMC Election Result 2026 Live Updates: 10 बजे शुरू होगी मतगणना, शाम 4 बजे तक फाइनल नतीजे

                                                                            देश की सबसे अमीर महानगरपालिका BMC समेत महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं में मतों की गिनती शुक्रवार को सुबह 10 बजे शुरू होगी। अंतिम परिणाम शाम चार बजे तक आने की उम्मीद है। BMC ने गिनती की प्रक्रिया के लिए कुल 2,299 अधिकारियों और कर्मचारियों को तैनात किया है। इसमें 759 सुपरवाइजर, 770 असिस्टेंट और 770 क्लास IV स्टाफ शामिल हैं। सभी कर्मचारियों को गिनती की प्रक्रिया को सुचारू और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए पहले से ट्रेनिंग दी गई है। मतगणना पूरी होने के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।

                                                                              JANUARY 16, 2026 / 8:08 AM IST

                                                                              BMC Election Result 2026 Live Updates: बीएमसी चुनाव में कितना हुआ मतदान?

                                                                              चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य की 29 महानगरपालिकाओं में शाम 3.30 बजे तक 41.13 प्रतिशत मतदान हुआ था। आंकड़ों के मुताबिक शाम 3:30 बजे तक सबसे अधिक 50.85 प्रतिशत मतदान कोल्हापुर में हुआ। वहीं, शुरुआती आठ घंटे में मुंबई में 41.08 प्रतिशत, पुणे में 36.95 प्रतिशत, नागपुर में 41.23 प्रतिशत, छत्रपति संभाजीनगर में 43.67 प्रतिशत और नासिक में 39.64 प्रतिशत मतदान हुआ था।

                                                                                JANUARY 16, 2026 / 8:04 AM IST

                                                                                BMC Election Result 2026 Live Updates: बीएमसी समेत महाराष्ट्र निकाय चुनाव में 50 फीसदी मतदान

                                                                                देश में सबसे अमीर महानगरपालिका बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) सहित महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के लिए गुरुवार (16 जनवरी) शाम 5:30 बजे मतदान समाप्त हुआ। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) के आयुक्त दिनेश वाघमारे के मुताबिक, लगभग 46 से 50 प्रतिशत तक मतदान हुआ है। वाघमारे ने बताया कि मतदान प्रतिशत 2017 के महानगरपालिका चुनावों के आंकड़ों से अधिक है। उन्होंने कहा कि वह मतदान प्रतिशत से संतुष्ट हैं।

                                                                                  JANUARY 16, 2026 / 7:59 AM IST

                                                                                  BMC Election Result 2026 Live Updates: उद्धव और राज ठाकरे की अग्नीपरीक्षा

                                                                                  बीएमसी समेत महाराष्ट्र निकाय चुनाव का नतीजा 2022 में शिवसेना में हुई फूट के बाद वोटरों की वफादारी की परीक्षा लेगा। उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) और उनके सहयोगी MNS प्रमुख राज ठाकरे के लिए ये चुनाव किसी अग्नि परीक्षा से कम नहीं है। 17 जनवरी को एशिया की सबसे अमीर महानगरपालिका बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के 227 पार्षदों के भाग्य का फैसला होगा। नतीजे आज सुबह 10 बजे से घोषित होने शुरू हो जाएंगे। महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के लिए गुरुवार को मतदान हुआ था।

                                                                                    JANUARY 16, 2026 / 7:48 AM IST

                                                                                    BMC Election Result 2026 Live Updates: मुंबई का 'किंग' कौन? बीएमसी समेत महाराष्ट्र निकाय चुनाव के आज आएंगे नतीजे

                                                                                    आज (17 जनवरी) देश की सबसे अमीर महानगरपालिका बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के 227 पार्षदों के भाग्य का फैसला होगा। नतीजे आज सुबह 10 बजे से घोषित किए जाएंगे। BMC सहित महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के लिए गुरुवार को मतदान हुआ। BMC चुनाव में मुख्य पार्टियां एकनाथ शिंदे की शिवसेना के साथ BJP और उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) और उनके सहयोगी MNS प्रमुख राज ठाकरे हैं। इस चुनाव का नतीजा 2022 में पार्टी में हुई फूट के बाद वोटरों की वफादारी की परीक्षा लेगा।

                                                                                      JANUARY 16, 2026 / 7:44 AM IST

                                                                                      नमस्कार! मनीकंट्रोल हिंदी के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है