महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक महिला सरकारी कर्मचारी पर दिन-दहाड़े जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला पर एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से कई बार हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान स्नेहल सावंत के रूप में हुई है। वह पालघर जिला कलेक्टर कार्यालय के राजस्व विभाग में कार्यरत हैं। आरोप है कि हमलावर ने उनकी गर्दन और पीठ पर छह से आठ बार वार किए।
घटना का खौफनाक वीडियो आया सामने
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में आरोपी की पहचान अमोल मुले के रूप में हुई है, जो एक अदालत में चपरासी के पद पर काम करता है। घटना के बाद से वह फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल महिला को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना पालघर के गोल्ड सिनेमा के पास हुई। दिन-दहाड़े हुए इस हमले से इलाके में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी तेजी से महिला की तरफ दौड़ता है और धारदार हथियार से उस पर हमला कर देता है। महिला के जमीन पर गिरने के बाद भी वह उस पर लगातार वार करता रहा।
हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत पालघर के एक ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उसकी हालत ज्यादा गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल भेज दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, महिला की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि हमला किसी निजी संबंध या आपसी विवाद से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, पुलिस अभी सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे की असली वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमले के मकसद को लेकर जांच जारी है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। इस बीच, आरोपी अमोल मुले घटना के बाद से फरार है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने कई विशेष टीमें बनाई हैं और अलग-अलग जगहों पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।