Maharashtra Local Body Election Results 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थानीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसके नेतृत्व वाले 'महायुति' गठबंधन को समर्थन देने के लिए महाराष्ट्र की जनता को धन्यवाद दिया है। पीएम मोदी ने रविवार (21 दिसंबर) को कहा कि यह जीत जनकेंद्रित विकास में उनके विश्वास को दर्शाता है। शाम तक मिले रुझानों और परिणामों के अनुसार, बीजेपी ने इस साल 129 नगर परिषदों (45%) में जीत हासिल की है, जो 2017 के 94 की तुलना में ऐतिहासिक वृद्धि है।
वहीं, 'महायुति' ने कुल 288 नगर परिषदों में से 218 नगर परिषदों यानी करीब 75 प्रतिशत एरिया में जीत दर्ज की है। PM मोदी ने X पर पोस्ट किया, "महाराष्ट्र विकास के साथ मजबूती से खड़ा है। नगर परिषद और नगर पंचायत चुनाव में BJP और महायुति को आशीर्वाद देने के लिए महाराष्ट्र की जनता का आभारी हूं।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "यह जनकेंद्रित विकास के हमारे दृष्टिकोण में विश्वास को दर्शाता है। हम राज्य भर के प्रत्येक नागरिक की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए नयी ऊर्जा के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में 'महायुति' की सफलता BJP संगठन और सरकार के संयुक्त प्रयास का परिणाम है। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी नगर निगम चुनावों में गठबंधन और भी बेहतर प्रदर्शन करेगा।
फडणवीस ने कहा, "यह संगठन और सरकार दोनों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। हमने विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ा। मैंने सकारात्मक विकास एजेंडे पर आधारित अभियान का नेतृत्व किया। मैंने कभी किसी राजनीतिक नेता या पार्टी की आलोचना नहीं की।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने विकास एजेंडा, अब तक किए गए कार्यों और भविष्य की योजनाओं के आधार पर वोट मांगे। उन्होंने कहा, "पहली बार मैंने शत-प्रतिशत सकारात्मक वोट मांगे थे, और लोगों ने हमें शत-प्रतिशत सकारात्मक वोट दिए।"
CM ने कहा कि BJP एक बार फिर चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। फडणवीस ने कहा, "मुझे खुशी है कि महाराष्ट्र की जनता ने BJP और महायुति पर भरोसा जताया है।" उन्होंने कहा, "48 प्रतिशत सदस्य BJP के चुनाव चिह्न पर निर्वाचित हुए हैं। कुल 129 BJ उम्मीदवार नगर परिषद अध्यक्ष चुने गए हैं और 75 प्रतिशत स्थानीय निकायों में महायुति के उम्मीदवार अध्यक्ष चुने गए हैं।"
फडणवीस ने कहा कि BJP के लगभग 3,300 पार्षद निर्वाचित हुए हैं, जो पार्टी के लिए एक रिकॉर्ड है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकासोन्मुखी शासन ने पूरे देश में सकारात्मक माहौल बनाया है, जिससे पार्टी को लाभ हुआ है। अब बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) समेत राज्य के 29 नगर निगमों के चुनाव 15 जनवरी को होंगे। जबकि मतगणना अगले दिन होगी।
गडचिरोली में BJP उम्मीदवार की एक वोट से हार
महाराष्ट्र में रविवार को हुए निकाय चुनावों में BJP ने गडचिरोली नगर परिषद पर अपना दबदबा बरकरार रखा। वह सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। लेकिन कांग्रेस के एक उम्मीदवार ने बीजेपी के अपने प्रतिद्वंद्वी को मात्र एक वोट से हरा दिया। BJP ने नगर परिषद में अध्यक्ष पद पर अपना कब्जा बरकरार रखा। वहीं वार्ड संख्या चार में हुई कांटे की टक्कर ने राजनीतिक गलियारों में उत्सुकता बनाए रखी। कांग्रेस के उम्मीदवार श्रीकांत देशमुख ने BJP के संजय मांडवागड़े को हराया।
दिन भर मतगणना में दोनों पार्टियों के बीच उतार-चढ़ाव का दौरा जारी रहा। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, फाइनल चरण की मतगणना समाप्त होने पर देशमुख को 717 मत मिले। जबकि मांडवागड़े को 716 मत प्राप्त हुए। देशमुख की जीत की घोषणा के बाद बीजेपी उम्मीदवार ने वोटों की पुनर्गणना का अनुरोध किया।
हालांकि, अधिकारी ने प्रोटोकॉल की जांच के बाद आपत्ति को खारिज कर दिया। फिर आधिकारिक तौर पर देशमुख को विजेता घोषित कर दिया गया। वार्ड संख्या चार में मिली हार के बावजूद, बीजेपी ने चुनाव परिणामों में अपना दबदबा बनाए रखा है।