Maharashtra Politics: सुनेत्रा पवार होंगी महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम! आज शाम ले सकती हैं शपथ, NCP प्रमुख का भी होगा ऐलान

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री का पद प्लेन क्रैश में अजित पवार की अचानक मौत के बाद खाली हो गया था। सूत्रों ने बताया कि उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने यह पद संभालने के लिए सहमति दे दी है। सुनेत्रा पवार राज्य में उपमुख्यमंत्री का पद संभालने वाली पहली महिला होंगी

अपडेटेड Jan 31, 2026 पर 8:11 AM
Story continues below Advertisement
Maharashtra Politics: अजित पवार के प्लेन क्रैश में निधन के बाद सुनेत्रा को महाराष्ट्र का डिप्टी सीएम बनाया जाएगा

Maharashtra Politics: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के सूत्रों ने बताया कि राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा पवार शनिवार (31 जनवरी) को महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकती हैं। वह मंत्रिमंडल में अपने दिवंगत पति अजित पवार की जगह ले सकती हैं। यह पार्टी के महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ 'महायुति' में बने रहने और विलय वार्ता के फिलहाल स्थगित होने का संकेत है। सुनेत्रा पवार राज्य में उपमुख्यमंत्री का पद संभालने वाली पहली महिला होंगी।

NCP के सूत्रों ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह शनिवार शाम 5 बजे होने की संभावना है। उन्होंने यह भी बताया कि वह पार्टी प्रमुख का पद भी संभालेंगी। राजभवन में तैयारियां शुरू हो गई हैं। बारामती में बुधवार को एक विमान दुर्घटना में उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के एक वर्ग ने देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली सरकार में उपमुख्यमंत्री का पद सुनेत्रा पवार को दिए जाने की मांग की थी।

सूत्रों के मुताबिक, इस संबंध में निर्णय पर सुनेत्रा पवार द्वारा सहमति दिए जाने के बारे में पार्टी के नेताओं को अवगत करा दिया गया था। एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, "शनिवार को मुंबई में NCP के संसदीय बोर्ड की एक बैठक होगी, जिसमें सुनेत्रा पवार को पार्टी विधायक दल का नेता चुना जाएगा।


इस संबंध में घटनाक्रम के बारे में जानकारी रखने वाले सूत्र के अनुसार, "शनिवार शाम तक सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने की संभावना है।" मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में पत्रकारों से कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन 'महायुति' का नेतृत्व करने वाली भारतीय जनता पार्टी (BJP) दिवंगत अजित पवार के परिवार और पार्टी द्वारा लिए गए किसी भी फैसले का समर्थन करेगी।

फडणवीस ने कहा, "NCP उपमुख्यमंत्री पद के लिए जो भी फैसला लेगी, सरकार और बीजेपी उस फैसले का समर्थन करेंगे। मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि हम अजित दादा के परिवार और NCP के साथ खड़े हैं।’’ वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव तक सुनेत्रा पवार सुर्खियों से दूर रहीं।

उसी साल हुए आम चुनाव में उन्होंने अपने पति की पार्टी की उम्मीदवार के रूप में बारामती लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा। लेकिन प्रतिष्ठा की लड़ाई में अपनी ननद एवं NCP (शरद चंद्र पवार) उम्मीदवार सुप्रिया सुले से हार गईं। इसके बाद सुनेत्रा पवार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुईं।

आज चुना जाएगा विधायक दल का नेता

महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल ने दिन में बताया कि एनसीपी के विधायक दल की बैठक 31 जनवरी को मुंबई में होगी, जिसमें सुनेत्रा पवार को पार्टी का नेता चुना जाएगा। भुजबल ने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट किया है कि यदि पार्टी औपचारिक रूप से सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुन लेती है, तो शनिवार को ही शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।

भुजबल ने पत्रकारों से कहा, "कई नेता चाहते हैं कि वह उपमुख्यमंत्री बनें।" अजित पवार के निधन के बाद 288 सदस्यीय राज्य विधानसभा में NCP के विधायकों की संख्या 40 रह गई है। वह पुणे जिले की बारामती विधानसभा सीट से विधायक थे।

NCP गुट का नहीं होगा विलय?

इस बीच, एनसीपी में तेज राजनीतिक घटनाक्रम के चलते पार्टी और उसके प्रतिद्वंद्वी गुट NCP (शरद चंद्र पवार) के बीच संभावित विलय का मुद्दा फिलहाल ठंडे बस्ते में जाता दिख रहा है। NCP नेताओं का कहना है कि इस समय प्राथमिकता विधायक दल के नेता और उपमुख्यमंत्री के पदों को भरने की है, जिसे अजित पवार संभाल रहे थें।

ये भी पढ़ें- Maharashtra Politics: प्रफुल्ल पटेल होंगे अजित पवार के उत्तराधिकारी? या सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र कैबिनेट में शामिल करने की मांग

नेताओं ने कहा कि दोनों गुटों के विलय पर फैसला अब पवार परिवार और एनसीपी को करना है। एनसीपी (शरद चंद्र पवार) के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, "मजबूत NCP और प्रभावी राजनीतिक विकल्प के लिए विलय समय की जरूरत है। बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी थी लेकिन अजित पवार के नहीं रहने से अब यह सवाल है कि अंतिम फैसला कौन लेगा।" BJP और NCP के अलावा 'महायुति' में एकनाथ शिंदे की शिवसेना भी शामिल है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।