असम के स्कूल में बीफ को लेकर भारी बवाल! हिंदू छात्रों को खिलाने की कोशिश के आरोप में मुस्लिम महिला गिरफ्तार
Assam Beef Controversy: असम के गोलपारा जिले के एक सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल के पांच मुस्लिम छात्रों को स्कूल से निकाला जा सकता है। एक छात्र के टिफिन में बीफ लाने को लेकर विवाद बढ़ गया है। जिस नाबालिग लड़के का टिफिन था, उसे पहले हिरासत में लिया गया और फिर उसकी मां को गिरफ्तार किया गया
Assam Beef Controversy: एक छात्र के टिफिन में बीफ लाने को लेकर विवाद बढ़ गया है
Assam Beef Controversy: असम में हिंदू छात्रों को जबरन बीफ खिलाने की कोशिश का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। असम के गोलपारा जिले के एक सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल के पांच मुस्लिम छात्रों को स्कूल से निकाला जा सकता है। एक छात्र के टिफिन में बीफ लाने को लेकर विवाद बढ़ गया है। जिस नाबालिग लड़के का टिफिन था, उसे पहले हिरासत में लिया गया और फिर उसकी मां को गिरफ्तार किया गया है। मुस्लिम-बहुल गोलपारा जिले के मिश्रित आबादी वाले इलाके में स्थित इस स्कूल ने निर्देश दिया है कि टिफिन बॉक्स में केवल शाकाहारी भोजन ही लाया जाए।
हिंदू स्टूडेंट को जबरन खिलाने की कोशिश
'इंडिया टुडे' की रिपोर्ट के मुताबिक, पांच जून को असम के एक सरकारी स्कूल में 9वीं कक्षा के पांच छात्र अपने टिफिन में कथित तौर पर बीफ लेकर आए। ये पांचों छात्र मुस्लिम समुदाय से थे। इन पर आरोप है कि उन्होंने अपनी क्लास में पढ़ने वाले दो हिंदू बच्चों को भी जबरन बीफ खिलाने की कोशिश की।
कृष्णई पुलिस स्टेशन के इंचार्ज अधिकारी आनंद राभा ने बताया कि मां और बेटे पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप है। उनके दो हिंदू सहपाठियों के माता-पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी। यह महिला एक स्थानीय स्वयं-सहायता समूह से जुड़ी है। वह अपने पति को खो चुकी है और अकेले ही बच्चे की परवरिश कर रही है।
राभा ने आगे कहा, "चूंकि लड़का नाबालिग है, इसलिए उसे किशोर न्यायालय (जुवेनाइल कोर्ट) के सामने पेश किया गया। मामले के सिलसिले में चार अन्य लड़कों से भी पूछताछ की जा रही है।" अधिकारियों ने बताया कि यह घटना पिछले हफ्ते शुक्रवार को हुई थी। लेकिन जैसे-जैसे इसकी खबर फैली मामला बढ़ता गया। अगले ही दिन कई संगठन स्कूल पहु्ंच गए।
महिला गिरफ्तार
स्कूल मैनेजमेंट डेवलपमेंट कमेटी (SDMC) के अध्यक्ष सुब्रत दास ने 'द इंडियन एक्सप्रेस' को बताया कि पांच मुस्लिम छात्रों को स्कूल से निकालने के प्रस्ताव पर फैसला लेने के लिए मंगलवार को एक बैठक होगी। 'टाइम्स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के मुताबिक, मामले में एक मुस्लिम महिला को गिरफ्तार किया गया और उसके बेटे को हिरासत में लिया गया है। आरोप है कि लड़का स्कूल के टिफिन में बीफ (गोमांस) लाया था और उसने अपने दो हिंदू सहपाठियों को इसे खाने के लिए मजबूर किया था।
अखबार ने असम पुलिस के हवाले से बताया कि खाना पकाने वाली महिला पर आपराधिक साजिश, ग़लत तरीके से रोकना, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने के जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण इरादे, और कई लोगों द्वारा किए गए आपराधिक कृत्यों के आरोप लगाए गए हैं।
हिंदू छात्रों ने की शिकायत
हिंदू छात्रों के परिवारों की शिकायतों के आधार पर FIR दर्ज की गईं। अखबार के अनुसार, यह घटना कृष्णई शहर के एक हायर सेकेंडरी स्कूल में हुई। इससे सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील जिले में तनाव फैल गया। असम में बीफ का निजी तौर पर सेवन करने की इजाजत है। लेकिन रेस्तरां और सामुदायिक कार्यक्रमों जैसी सार्वजनिक जगहों पर इस पर रोक है।
आरोपी छात्रों को स्कूल से निकालने की तैयारी
'द इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस चार अन्य मुस्लिम छात्रों से भी पूछताछ कर रही है, जिन्होंने कथित तौर पर अपने क्लासमेट्स को बीफ खिलाने की कोशिश की थी। अखबार के अनुसार, उन चार लड़कों और हिरासत में लिए गए छात्र को स्कूल से निकाला जा सकता है। इस बारे में मंगलवार को स्कूल मैनेजमेंट डेवलपमेंट कमेटी की बैठक में फैसला लिया जाएगा।
उन चार छात्रों में से एक के पिता, मुस्तफिज़ुर रहमान ने दावा किया कि हिरासत में लिए गए लड़के ने अपने टिफिन में बीफ बिरयानी लाई थी। उसे अपने मुस्लिम क्लासमेट्स (जिनमें उनका बेटा भी शामिल था) के साथ बांटा था। रहमान ने बताया कि लड़के ने इसे दो और हिंदू क्लासमेट्स को भी ऑफर किया था।
'द इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक, स्कूल ने निर्देश दिया है कि टिफिन में सिर्फ शाकाहारी खाना ही लाया जाए। अखबार ने डिस्ट्रिक्ट कमिश्नर प्रोदिप तिमुंग के हवाले से बताया कि उन्होंने स्कूल इंस्पेक्टर को निर्देश दिया है कि छात्रों को स्कूल में सिर्फ अंडे लाने की इजाजत दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्कूल में मछली लाने की इजाजत भी नहीं होनी चाहिए।