Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि वह “भाजपा और चुनाव आयोग की उस साजिश को उजागर करेंगी, जिसमें बंगाली वोटरों को वोट के अधिकार से वंचित किया जा रहा है।” उन्होंने यह बात कोलकाता के एस्प्लेनेड मेट्रो स्टेशन के बाहर धरना शुरू करते समय कही। उनका धरना उस आरोपित गड़बड़ी के खिलाफ था, जिसमें चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) के दौरान कई लाखों लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए।
ममता बनर्जी ने अपने भाषण में कहा, "मैं बंगाली मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करने के भाजपा-चुनाव आयोग के षड्यंत्र का पर्दाफाश करूंगी।"
भाजपा का करें बहिष्कार- अभिषेक बनर्जी
धरने के दौरान, तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने आगामी राज्य विधानसभा चुनावों में मतदाताओं से भाजपा का “बहिष्कार” करने की अपील की।
उन्होंने कहा, “भाजपा का बहिष्कार करें। टीएमसी को नापसंद करने के आपके पास कारण हो सकते हैं, लेकिन जिन बंगालियों में थोड़ी भी इज्जत है, उन्हें भाजपा को वोट नहीं देना चाहिए। मैंने पहले ही भविष्यवाणी की थी कि भाजपा को (294 में से) 50 से अधिक सीटें नहीं मिलेंगी। SIR के नाम पर जो हुआ है, उसके बाद तो उनकी सीटें 40 से अधिक नहीं होनी चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा, “2024 के लोकसभा चुनावों में हमने नारा लगाया था ‘भाजपा को वोट न दें’। अब हम नारा लगा रहे हैं ‘भाजपा का बहिष्कार करें’। सामाजिक बहिष्कार करें।”
बता दें कि 28 फरवरी को चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल की अंतिम मतदाता सूची का पहला भाग प्रकाशित किया, जिसमें 61.8 करोड़ नाम हटा दिए गए और SIR के बाद लिस्ट में 70.46 करोड़ मतदाता रखे गए।
हालांकि, लगभग 60 लाख लोगों को विवादास्पद “लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी” श्रेणी के तहत चिह्नित किया गया है और उनकी अंतिम स्थिति पर लगभग 500 सेवारत और पूर्व न्यायिक अधिकारियों द्वारा विचार किया जा रहा है।
भाजपा ने ममता बनर्जी पर किया पलटवार
भाजपा ने ममता बनर्जी के धरने पर पलटवार करते हुए कहा कि वह घुसपैठियों को बचाने के लिए ऐसा प्रदर्शन कर रही हैं।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने कहा, “बनर्जी को सिर्फ मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखने वाले घुसपैठियों को बचाने में दिलचस्पी है, जो उनके वोट बैंक का बड़ा हिस्सा हैं। उन्हें शर्म आनी चाहिए कि वे घुसपैठियों को बचाने के लिए धरना दे रही हैं, जिनकी मदद से उन्होंने पिछला चुनाव जीता था। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।”