West Bengal Election Result: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों में पिछड़ने के बाद मुख्यमंत्री और टीएमसी (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी ने मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर अपने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाए। ममता बनर्जी ने साफ कहा कि अभी केवल कुछ ही राउंड की गिनती हुई है और खेल अभी बाकी है।
'अभी हार मत मानो, हम शेर के बच्चों की तरह लड़ेंगे'
रुझानों में बीजेपी को बढ़त मिलते देख ममता बनर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं और काउंटिंग एजेंट्स से अपील की है कि वे मतगणना केंद्र छोड़कर न जाएं। उन्होंने कहा, 'यह बीजेपी की सोची-समझकी रणनीति है कि शुरुआती राउंड में खुद को आगे दिखाया जाए ताकि टीएमसी कार्यकर्ता हताश हो जाएं। अभी केवल 2 से 4 राउंड की गिनती हुई है, जबकि कई सीटों पर 14 से 18 राउंड तक गिनती होनी है। उन्होंने भरोसा जताया कि सूरज ढलने के बाद जीत हमारी ही होगी।'
ममता बनर्जी ने चुनाव प्रक्रिया और केंद्रीय बलों पर भी तीखे सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि, स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के जरिए वोट चुराने की कोशिश की गई है। कल्याणी जैसी जगहों पर मशीनों के आंकड़ों में मिलान नहीं होने की शिकायत की है। आरोप है कि केंद्रीय बल टीएमसी कार्यकर्ताओं को परेशान कर रहे हैं और पुलिस भी उन्हीं का साथ दे रही है।
'रुझानों में दिखाई जा रही है गलत जानकारी'
मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि टीएमसी अभी भी 100 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रही है, लेकिन मीडिया और रिपोर्ट्स में इसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पूरी तरह से अपनी मर्जी से काम कर रहा है और विपक्ष की आवाज़ को दबाया जा रहा है।
अब तक के रुझानों में बंगाल में बीजेपी सरकार बनाते नजर आ रही है। 291 सीटों के रुझान में बजो 187 सीटों पर आगे है। TMC सिर्फ 98 सीटों पर वहीं कांग्रेस शून्य सीटों पर आगे है।