Bihar Double Murder : पार्किंग को लेकर हुआ मामूली विवाद तो अलग कर दी गर्दन, दोहरे हत्याकांड से दहला अररिया

Bihar News : पुलिस के अनुसार, मारे गए ड्राइवर का नाम अली हुसैन था, जो अररिया के जोगबनी इलाके का रहने वाला था। वहीं, जवाबी कार्रवाई में मारे गए ठेला विक्रेता की पहचान रवि चौहान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सत्तू बेचने वाला रवि चौहान फोर्ब्सगंज इलाके में पार्किंग को लेकर हुए एक छोटे से विवाद में अली हुसैन पर भड़क गया

अपडेटेड Apr 09, 2026 पर 5:28 PM
Story continues below Advertisement
बिहार में एक हैरान कर देना वाली घटना सामने आई है।

बिहार में एक हैरान कर देना वाली घटना सामने आई है। गुरुवार को बिहार के अररिया जिले में हुए दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। यह घटना एक छोटे से पार्किंग विवाद से शुरू हुई, जो देखते ही देखते बेहद हिंसक हो गई। जानकारी के मुताबिक, सड़क किनारे ठेला लगाने वाले एक विक्रेता ने गुस्से में आकर एक पिकअप ड्राइवर का सिर काट दिया। इस घटना के बाद माहौल और बिगड़ गया। मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और गुस्से में आकर उन्होंने पुलिस के सामने ही आरोपी की हत्या कर दी।

जानकारी के मुताबिक, रवि चौहान ने  ड्राइवर को पहले पेट में चाकू मारा उसके बाद चाकू से उसका गला रेतकर गर्दन को शरीर से अलग कर दिया। इससे भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ, तो उसने हत्या के बाद काफी देर तक उसकी गर्दन को हाथ में लेकर भीड़भाड़ वाले इलाके मार्केटिंग यार्ड में खड़ा रहा।

मामूली विवद में चाकू से अलग किया गर्दन


पुलिस के अनुसार, मारे गए ड्राइवर का नाम अली हुसैन था, जो अररिया के जोगबनी इलाके का रहने वाला था। वहीं, जवाबी कार्रवाई में मारे गए ठेला विक्रेता की पहचान रवि चौहान के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, सत्तू बेचने वाला रवि चौहान फोर्ब्सगंज इलाके में पार्किंग को लेकर हुए एक छोटे से विवाद में अली हुसैन पर भड़क गया। गुस्से में उसने हमला कर दिया, उसका सिर काट दिया और सैकड़ों लोगों के सामने उसे लहराया। इसके बाद वह शव और कटा हुआ सिर वहीं छोड़कर चला गया।

लोगों ने की आरोपी की हत्या

इस घटना के बाद हालात और बिगड़ गए। अली हुसैन के रिश्तेदारों और गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोपी रवि चौहान को, जो अपने घर के पास छिपा हुआ था, पकड़ लिया और घसीटते हुए घटनास्थल पर ले आए। वहां उन्होंने उसे लाठी और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा और पुलिस के सामने ही उसकी हत्या कर दी। इन दोनों हत्याओं के बाद इलाके का माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। गुस्साए लोगों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। जैसे-जैसे भीड़ बढ़ने लगी, हालात को काबू में रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और इलाके में लगातार गश्त शुरू कर दी गई। फोर्ब्सगंज में हुई इस घटना के बाद अभी भी तनाव बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

तेजस्वी ने साधा सरकार पर निशाना 

वहीं इस मामले में  RJD नेता और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर बड़ा हमला किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर तेजस्वी ने लिखा, ''ये है बिहार की भयावह हालात, अररिया जिले के फारबिसगंज में एक शख्स ने सरेआम बीच बाजार दूसरे शख्स का गला काट दिया और सैकड़ों लोगों के बीच उसका सिर लेकर घूमता रहा। बाद में मृतक के परिजनों ने हत्या करने वाले को ढूंढ़कर उसकी  भी हत्या कर दी। पुलिस भी कानून व्यवस्था को संभालने की जगह जान बचाती दिखी। महाचौपट राज की इससे बड़ी तस्वीर क्या हो सकती है? यह घटना साफ दिखा रही है कि बिहार में कानून व्यवस्था किस हद तक बदहाल हो चुकी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।