Pune: पत्नी से झगड़ा हुआ तो एयरफोर्स स्टेशन में कूद गया युवक, मच गया हड़कंप...हुआ गिरफ्तार

सूरज अविनाश जाधव (25), जो यरवदा के फुले नगर का रहने वाला है और मज़दूरी करता है, एयर फ़ोर्स बेस की दीवार फांदकर अंदर घुस गया। इस मामले में पुलिस ने उसके खिलाफ़ अवैध रूप से घुसपैठ करने यानी क्रिमिनल ट्रेसपास का मामला दर्ज किया है

अपडेटेड Jan 26, 2026 पर 9:24 PM
Story continues below Advertisement
इंडियन एयर फोर्स स्टेशन से एक बेहद ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है।

पुणे के बेहद संवेदनशील इंडियन एयर फोर्स स्टेशन से एक बेहद ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बता दें कि पुणे के एयर फोर्स स्टेशन पर उस समय सुरक्षा को लेकर हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति वहां जबरदस्ती घुसपैठ करने की कोशिश की। जानकारी के मुताबिक, युवक अपनी पत्नी से झगड़े के बाद भागते हुए बेस की दीवार फांदकर सीधा अंदर छलांग लगा दी। कूदने से आदमी घायल हो गया है। पुलिस ने उस पर गैरकानूनी तरीके से घुसने का मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने दर्ज की केस

रिपोर्ट्स के अनुसार यह घटना पिछले हफ्ते गुरुवार की है। बताया गया है कि सूरज अविनाश जाधव (25), जो यरवदा के फुले नगर का रहने वाला है और मज़दूरी करता है, एयर फ़ोर्स बेस की दीवार फांदकर अंदर घुस गया। इस मामले में पुलिस ने उसके खिलाफ़ अवैध रूप से घुसपैठ करने यानी क्रिमिनल ट्रेसपास का मामला दर्ज किया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, बेस पर तैनात IAF के एक जूनियर वारंट ऑफिसर की शिकायत पर विमानतल पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई।


युवक से हो रही है पूछताछ

FIR में बताया गया है कि घटना के बाद जाधव से अलग-अलग एजेंसियों ने पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि उसके बाएं पैर में चोट लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एयर फ़ोर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। विमानतल पुलिस स्टेशन की असिस्टेंट इंस्पेक्टर सपना देवताले ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि जाधव की अपनी पत्नी से बहस हुई थी। उन्होंने कहा, “लड़ाई के बाद वह भागता हुआ एयर फ़ोर्स बेस की दीवार तक पहुंच गया और उसे फांदकर अंदर कूद गया। IAF अधिकारियों की शिकायत के आधार पर उसके खिलाफ क्रिमिनल ट्रेसपास का मामला दर्ज किया गया है।”

एयरपोर्ट पुलिस के सीनियर इंस्पेक्टर गोविंद जाधव ने एक न्यूज आउटलेट को बताया कि यह घटना 22 जनवरी की दोपहर के आसपास हुई थी। उन्होंने कहा, “रिस्ट्रिक्टेड एरिया में कूदने के बाद उस व्यक्ति के पैर में फ्रैक्चर हो गया, जिसके बाद उसे लोहेगांव के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। लोहेगांव एयरपोर्ट का परिसर इंडियन एयर फ़ोर्स के नियंत्रण में है और वहाँ बिना अनुमति प्रवेश करना गैरकानूनी है।”

विमानतल पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद एयर फोर्स अधिकारियों, अन्य सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। अधिकारी ने आगे कहा, “सुरक्षा व्यवस्था की जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध बात सामने नहीं आई।”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।