उत्तर प्रदेश में एक बार फिर चुभती-जलती गर्मी (Heatwave Alert) का अहसास लोगों को होने लगा है। शनिवार को गर्मी और उमस ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए है। प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी के कारण तापमान कई जगहों पर 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना है, जिसके चलते अगले सप्ताह फिर से लू और कहीं-कहीं भीषण लू चल सकती है। वहीं भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने मानसून को लेकर बड़ी बात कही है।
भीषण गर्मी के बीच राहत भरी खबर
मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल कोई मजबूत मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है। इसी वजह से अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम ज्यादातर शुष्क रहेगा। तेज धूप और जमीन से निकलने वाली गर्मी के कारण तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। 19 से 22 मई के बीच प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में लू का असर बढ़ने की संभावना है। कुछ इलाकों में भीषण लू भी चल सकती है। इसे देखते हुए दक्षिणी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद तापमान में हल्की गिरावट आने की उम्मीद जताई गई है।
उत्तर प्रदेश में अमूमन जून के दूसरे सप्ताह से लेकर तीसरे सप्ताह के बीच प्रदेश में मानसून का आगमन होता रहा है, लेकिन इस बार मानसून के पहले प्रदेश में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण पश्चिम मानसून 26 मई को केरल तट पर पहुंच सकता है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 17 मई 2026 को दक्षिण-पूर्व अरब सागर, बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्सों, अंडमान सागर, पूरे निकोबार द्वीप समूह और अंडमान द्वीप समूह के कुछ इलाकों में प्रवेश कर लिया है।
यूपी में मानसून के जल्द आने की उम्मीद
प्रदेश में मानसून आने से पहले दक्षिण भारत में बारिश शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि प्री-मानसून बारिश का असर अगले सप्ताह तक उत्तर प्रदेश तक पहुंच सकता है। इस बार मानसून के मजबूत सिस्टम को देखते हुए 10 से 12 दिनों में उत्तर प्रदेश तक पहुंचने की उम्मीद की जा रही है। ऐसे में जून के दूसरे सप्ताह तक प्रदेश में झमाझम मानसूनी बारिश देखने को मिल सकती है।