Monsoon update: बिहार के मुज्जफरपुर और झारखंड के धनबाद से गुजर रहा मानसून, यूपी कब आयेगा? IMD ने दिया ये अलर्ट

Monsoon Update: दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश होने का अनुमान है। केरल, तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भारी बारिश भी हो सकती है। इससे किसानों को राहत मिल सकती है, लेकिन निचले इलाकों में जलभराव की

अपडेटेड Jun 13, 2026 पर 3:40 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदलता नजर आएगा

देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदलता नजर आएगा। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और जल्द ही देश के कई और इलाकों को कवर कर सकता है। अगले 2 से 3 दिनों में मानसून के कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ अन्य हिस्सों में पहुंचने की संभावना है। मानसून अब उत्‍तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है और मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 से 4 दिन में यह प्रदेश में प्रवेश कर जाएगा।

इन राज्यों में बदलेगा मौसम

मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले दिनों में देश के कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। खासकर पूर्वोत्तर, पूर्वी और दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 13 से 19 जून के बीच अच्छी बारिश होने का अनुमान है। कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम से जुड़ी चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।


यहां जारी रहेगा बारिश का सिलसिला 

बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। बिहार और ओडिशा के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मौसम बदल सकता है। इन राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। राजस्थान के कुछ इलाकों में तेज आंधी और धूल भरी हवाएं भी चल सकती हैं।

मध्य भारत के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली चमकने की चेतावनी दी है।

दक्षिण भारत के राज्यों में ये चेतावनी 

दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश होने का अनुमान है। केरल, तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भारी बारिश भी हो सकती है। इससे किसानों को राहत मिल सकती है, लेकिन निचले इलाकों में जलभराव की समस्या भी पैदा हो सकती है। बारिश के बावजूद देश के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, मराठवाड़ा और विदर्भ क्षेत्र में लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं ओडिशा, कोंकण-गोवा और तटीय आंध्र प्रदेश में गर्म और उमस भरा मौसम लोगों को परेशान कर सकता है।

पिछले 24 घंटों के दौरान असम, दक्षिण कर्नाटक, पूर्वी उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, केरल, तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश वाले इलाकों में सावधानी बरतें। जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें, यात्रा से पहले मौसम और ट्रैफिक की जानकारी जरूर लें। वहीं आंधी और बिजली गिरने की आशंका वाले इलाकों में घर के अंदर रहें और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। कुल मिलाकर अगले एक सप्ताह के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। कई राज्यों में अच्छी बारिश देखने को मिलेगी, जबकि कुछ क्षेत्रों में गर्मी और लू का असर भी बना रह सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।