भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मानसून को लेकर एक बड़ी जानकारी दी है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब भारत में प्रवेश करने के करीब पहुंच गया है और केरल के तट के आसपास सक्रिय बना हुआ है। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि केरल में इसके आधिकारिक प्रवेश में तीन से चार दिन की मामूली देरी हो सकती है। इस बीच, देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी देखने को मिल रही है।
कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब केरल के तट के करीब पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, अरब सागर, लक्षद्वीप, केरल और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए मौसम की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 1 जून के लिए मौसम का विस्तृत पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के मुताबिक, देश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी, लेकिन सबसे ज्यादा असर दक्षिण भारत के राज्यों में देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग ने बताया है कि केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु और दक्षिणी कर्नाटक के कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है। मॉनसून की सक्रियता बढ़ने के साथ इन क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि कई जगहों पर भारी बारिश के कारण जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
इन राज्यों में बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की भी आशंका
इसके अलावा, पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। पश्चिमी भारत में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। गुजरात के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्रों में बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की भी आशंका है। वहीं, मध्य भारत में स्थित पश्चिमी मध्य प्रदेश के लोगों को दोहरी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। यहां कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ-साथ ओले गिरने की संभावना भी है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है।
इन राज्यों में आंधी-तूफान का भी अलर्ट
पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी भारत में तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए आंधी-तूफान और तेज हवा की चेतावनी जारी की है। ओडिशा में गरज-चमक के साथ तेज तूफानी हवाएं चलने की संभावना है। यहां हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ जगहों पर झोंकों की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है। इसके अलावा कुछ इलाकों में ओलावृष्टि होने की भी आशंका है।
वहीं पूर्वी राजस्थान में भी तेज आंधी चल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार यहां हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम अपेक्षाकृत शांत रहने की संभावना है। यहां आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है, हालांकि मौसम में बदलाव के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।