MP News: मध्य प्रदेश से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सीएम मोहन यादव की अगुवाई वाली बीजेपी सरकार में मंत्री एवं सतना की रैगांव सीट से विधायक प्रतिमा बागरी के छोटे भाई अनिल बागरी को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस घटना के सामने आने के बाद प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में ‘ड्रग-नेटवर्क’ नहीं। बल्कि अब भारतीय जनता पार्टी के रिश्तेदार नेटवर्क सक्रिय है। मध्य प्रदेश की शहरी विकास और आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी गांजा स्मगलिंग केस में अपने भाई की गिरफ्तारी पर सवाल उठाने पर मीडिया पर भड़क गई।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर किया किया है। इसमें एक पत्रकार प्रतिमा बागरी से यह सवाल कर रहा है कि उनका भाई गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार हुआ है? इसके जवाब में उन्हें कहते सुना जा सकता है, "जबरदस्ती की बात क्यों करते हो तुमलोग?" उनका रिएक्शन कैमरे में कैद हो गया। अब सोशल मीडिया पर उनका वीडियो वायरल हो रहा है।
पीटीआई के मुताबिक, रामपुर बघेलान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार तड़के मरौहा निवासी पंकज सिंह बघेल के मकान के सामने बने एक टीन शेड के नीचे रखी धान की बोरियों में से गांजे के पैकेट बरामद किए। इनका कुल वजन 46.13 किलोग्राम था। इसकी कुल कीमत 9.22 लाख रुपये आंकी गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रेमलाल कुर्वे ने पत्रकारों को बताया कि जब आरोपी पंकज से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसे यह गांजा अनिल बागरी और शैलेन्द्र सिंह ने दिया है। उन्होंने कहा कि पंकज की निशानदेही पर वह गाड़ी भी जब्त कर ली गई, जिससे गांजे की ढलाई की गई थी।
कुर्वे ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इनमें से दो आरोपी अनिल बागरी और पंकज सिंह बघेल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने दोनों आरोपियों का जेल भेज दिया। उन्होंने बताया कि शैलेन्द्र सिंह अभी फरार है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गांजे की तस्करी के मामले में नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री बागरी के बहनोई शैलेन्द्र सिंह को पहले भी गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने कहा कि नरैनी पुलिस ने तीन दिसंबर को सिंह को 10 किलो 400 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया था।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गांजा तस्करी में राजनीतिक लोगों के लगातार सामने आ रहे नामों को देखते हुए पुलिस इस मामले की तह तक जाने में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस यह जानने में लगी है कि आरोपियों को गांजे की आपूर्ति कौन कर रहा है। और उन तक कहां से गांजा पहुंच रहा है?
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने X पर पोस्ट कर कहा भाजपा सरकार में अपराधी नहीं, सीधे BJP नेताओं के रिश्तेदार पकड़े जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से सवाल किया कि क्या सत्ता के नशे में डूबी पार्टी का परिवारवाद ऐसा ही होता है?
उन्होंने कहा, "क्या जवाबदेही इतनी जटिल है कि मंत्री के घर से गांजा तस्करी के रिश्ते निकलते रहें और MP के गृहमंत्री मौन बैठे रहें? क्या 'डबल इंजन' अब ड्रग्स तस्करी का भी ट्रांसपोर्ट मॉडल है?" मुख्यमंत्री यादव के पास गृह विभाग का भी जिम्मा है। कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने ‘एक्स’ पर किए पोस्ट में कहा कि मध्यप्रदेश सरकार के मंत्रियों के रिश्तेदार अब खुलेआम तस्करी में पकड़ा रहे हैं।
पार्टी ने कहा, "राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी के सगे भाई अनिल बागरी को पुलिस ने गांजा तस्करी में गिरफ्तार किया। इससे पहले उनके बहनोई को भी इसी तरह के आरोपों में पकड़ा जा चुका है। यह गिरफ्तारी बताती है कि भाजपा की सरकार में मंत्रियों के रिश्तेदार किस तरह काले काम कर रहे हैं।"