मध्य प्रदेश के एक गांव में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एकतरफा प्यार में पागल युवक ने 17 साल की लड़की पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। आरोपी ने लड़की के चेहरे और सिर पर कई वार किए, उसके बाल पकड़कर उसे छत तक घसीटा और फांसी देने की कोशिश की।
आरोपी की पहचान धर्मेंद्र परिहार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लड़की घर में अकेली थी, तभी वह जबरन घर में घुस आया। इसके बाद उसने बेरहमी से हमला शुरू कर दिया। हमले में लड़की बुरी तरह घायल हो गई और खून से लथपथ हो गई।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी घायल लड़की को छत से लटकाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। हालांकि उसके हाथ से रस्सी छूट गई और लड़की नीचे गिर गई। इसके बाद भी आरोपी उसके पास पहुंच गया।
लड़की की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि लड़की खून से लथपथ हालत में पड़ी हुई है, लेकिन उसकी सांसें चल रही थीं। तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई। डॉक्टरों के अनुसार उसके चेहरे और सिर पर गहरे जख्म हैं और कई टांके लगाने पड़े हैं।
ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पीड़िता के परिवार का आरोप है कि धर्मेंद्र काफी समय से लड़की का पीछा कर रहा था और उसे परेशान करता था। कुछ सप्ताह पहले भी उसने लड़की के साथ छेड़छाड़ की थी। परिवार का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद उसकी हरकतें नहीं रुकीं और आखिरकार उसने इतना खौफनाक कदम उठा लिया।
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने करीब सात घंटे तक हाईवे जाम रखा और आरोपी व उसके परिवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी का घर गिराने की भी मांग उठाई।
बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद प्रदर्शन खत्म हुआ।