सोमवार को मुंबई एयरपोर्ट पर कई एयर इंडिया उड़ानों के यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फ्लाइट समय पर पहुंचने के बावजूद यात्रियों को करीब 90 मिनट तक विमान के अंदर ही बैठाए रखा गया। इसकी वजह एक थर्ड पार्टी ग्राउंड स्टाफ एजेंसी के कर्मचारियों का अचानक काम बंद करना था। इससे एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की सेवाएं प्रभावित हो गईं। हड़ताल जैसी इस स्थिति के कारण यात्रियों को विमान से उतारने, सामान निकालने और विमान की जरूरी सर्विस जैसे काम काफी देर से हुए। कई मामलों में ये काम समय पर हो ही नहीं पाए। जो यात्री आखिरकार विमान से बाहर निकल पाए, उन्हें अपना चेक-इन सामान लेने के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़ा। कुछ यात्रियों को बैग मिलने में एक घंटे से ज्यादा का समय लग गया।
इस पूरे मामले के बाद यात्रियों का गुस्सा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर भी देखने को मिला। एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-2995 से दिल्ली से मुंबई पहुंचे नाविक अतुल शर्मा ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा, “मुंबई एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की सेवा से मैं बेहद निराश हूं। फ्लाइट से उतरे हुए एक घंटे से ज्यादा हो चुका है, लेकिन अभी तक सामान नहीं मिला। स्टाफ की तरफ से भी कोई सही मदद नहीं मिल रही है। हम नाविक हैं और हमें तुरंत अपने जहाज तक पहुंचना है। कृपया इस समस्या का जल्द समाधान करें।” नाविकों के लिए समय पर जहाज तक पहुंचना बेहद जरूरी होता है। देरी होने पर सिर्फ परेशानी ही नहीं होती, बल्कि नौकरी और आर्थिक नुकसान का खतरा भी बढ़ जाता है।
एक अन्य यात्री ने सोशल मीडिया पर बताया कि वह एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-2852 में सफर कर रहे थे, जो दोपहर 12:01 बजे मुंबई में उतरी थी। उन्होंने लिखा, “एक घंटे से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन हम अभी भी विमान के अंदर बैठे हैं। हमें बताया गया कि ग्राउंड स्टाफ की कमी और हड़ताल जैसी स्थिति की वजह से देरी हो रही है।” वहीं, एक दूसरे यात्री ने सीधे नागरिक उड्डयन मंत्रालय को टैग करते हुए शिकायत की। उन्होंने लिखा, “कृपया ध्यान दें, एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-2874 के यात्री करीब 90 मिनट से मुंबई एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं, लेकिन उन्हें कोई जानकारी नहीं दी जा रही है।” सोशल मीडिया पर सामने आई जानकारी के मुताबिक कम से कम तीन उड़ानें — एआई-2852, एआई-2874 और एआई-2995 — इस अव्यवस्था से प्रभावित हुईं।
एयर इंडिया ने इस मामले पर बयान जारी करते हुए माना कि मुंबई एयरपोर्ट पर कामकाज प्रभावित हुआ है। एयरलाइन ने कहा, “मुंबई एयरपोर्ट पर एक थर्ड पार्टी ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसी के कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की सेवाओं पर असर पड़ा है। हमारी एयरपोर्ट टीमें सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम कर रही हैं, ताकि यात्रियों को कम से कम परेशानी हो और जल्द से जल्द स्थिति सामान्य की जा सके।” हालांकि, एयर इंडिया ने अपने बयान में उस एजेंसी का नाम नहीं बताया, जिसके कर्मचारियों ने काम बंद किया था। एयरलाइन ने यह भी साफ नहीं किया कि हड़ताल की वजह क्या थी और समस्या कब तक खत्म होगी। ऐसे में एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों को ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई।
कौन होते हैं ग्राउंड हैंडलर
बता दें कि, ग्राउंड हैंडलर वे कर्मचारी होते हैं, जो एयरपोर्ट पर उड़ानों से जुड़े जरूरी काम संभालते हैं। इनमें विमान को सही जगह पार्क कराना, एयरोब्रिज या सीढ़ियां लगाना, यात्रियों का सामान उतारना, विमान में ईंधन भरना, सफाई करना और चेक-इन जैसी सेवाएं शामिल होती हैं। अगर ये कर्मचारी काम बंद कर दें, तो एयरपोर्ट का पूरा सिस्टम प्रभावित हो जाता है। आने वाली उड़ानें समय पर खाली नहीं हो पातीं, जाने वाली फ्लाइट्स लेट होने लगती हैं और यात्रियों को लंबे समय तक विमान के अंदर इंतजार करना पड़ता है।
मुंबई एयरपोर्ट देश के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में से एक है, जहां हर साल करोड़ों यात्री सफर करते हैं। ऐसे में अगर किसी बड़े ग्राउंड हैंडलिंग स्टाफ का काम रुक जाए, तो कुछ ही घंटों में इसका असर पूरे एयरपोर्ट पर दिखने लगता है।