Mumbai Airport Closed: आज 6 घंटे के लिए बंद रहेगा मुंबई एयरपोर्ट, सभी एयरलाइंस ने यात्रियों से की ये अपील

Mumbai Airport Closed: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) पर गुरुवार, 8 मई, 2025 को सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक छह घंटे के लिए फ्लाइट ऑपरेशन निलंबित रहेगा। CSMIA ने 8 मई, 2025 को सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक अपने वार्षिक प्री-मानसून रनवे मेंटेनेंस का कार्यक्रम निर्धारित किया है

अपडेटेड May 08, 2025 पर 10:57 AM
Story continues below Advertisement
Mumbai Airport Closed: मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) ने 19 अप्रैल को इसकी घोषणा की थी

Mumbai Airport Closed: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) पर फ्लाइट्स ऑपरेशन आज यानी गुरुवार (8 मई) को निर्धारित रनवे रखरखाव के कारण छह घंटे के लिए निलंबित रहेगा। एयरपोर्ट के निजी ऑपरेटर मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) ने 19 अप्रैल को इसकी घोषणा की थी। MIAL ने कहा कि सभी संबंधित को सूचित करने के लिए छह महीने पहले NOTAM (नोटिस टू एयरमैन) जारी किया गया था। इससे एयरलाइंस को अपने फ्लाइट शेड्यूल को संशोधित करने और आवश्यक व्यवस्था करने के लिए पर्याप्त समय मिल गया।

आवश्यक प्री-मानसून मेंटेनेंस गुरुवार सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगा। इससे एयरपोर्ट के दोनों रनवे- 09/27 (प्राइमरी रनवे) और 14/32 (सेकेंडरी रनवे) प्रभावित होंगे। इस अवधि के दौरान, कोई भी फ्लाइट नहीं उड़ेगी, क्योंकि दोनों रनवे ऑपरेशन से बाहर रहेंगे। ऑपरेटर ने कहा, "यह वार्षिक प्री-मानसून मेंटेनेंस एयरपोर्ट के इंफ्रास्ट्रक्चर को बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण है।"

इस बीच, भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए जाने के बाद लगाए गए प्रतिबंधों के कारण 300 से अधिक उड़ाने रद्द कर दी गई हैं। श्रीनगर समेत कम से कम 25 एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। एअर इंडिया, इंडिगो, स्पाइसजेट, एअर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा एअर और कुछ विदेशी एयरलाइन ने विभिन्न एयरपोर्ट के लिए अपनी सेवाएं रद्द कर दी हैं।


सूत्रों ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि भारत के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में कम से कम 25 हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इनमें श्रीनगर, लेह, जम्मू, अमृतसर, पठानकोट, चंडीगढ़, जोधपुर, जैसलमेर, शिमला, धर्मशाला और जामनगर शामिल हैं।

एक सूत्र के अनुसार, एयरलाइन द्वारा विभिन्न हवाई अड्डों से आने-जाने वाली 300 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इंडिगो ने कहा कि उसने हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण 10 मई की सुबह तक अमृतसर और श्रीनगर सहित विभिन्न घरेलू हवाई अड्डों से 165 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी हैं।

सूत्रों ने बताया कि एअर इंडिया ग्रुप (एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस) की लगभग 140 फ्लाइट रद्द कर दी गई हैं। एयरलाइन ने कहा, "जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट हवाई अड्डों के बंद होने की विमानन अधिकारियों की अधिसूचना के बाद इन स्टेशन से आने-जाने वाली एअर इंडिया की उड़ानें 10 मई को भारतीय समयानुसार सुबह पांच बजकर 29 मिनट तक रद्द की जा रही हैं।"

इंडिगो ने एक बयान में कहा, "हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों पर सरकारी अधिसूचना के कारण, कई हवाई अड्डों (अमृतसर, बीकानेर, चंडीगढ़, धर्मशाला, ग्वालियर, जम्मू, जोधपुर, किशनगढ़, लेह, राजकोट और श्रीनगर) से 165 से अधिक इंडिगो उड़ानें 10 मई 2025 को सुबह पांच बजकर 29 मिनट तक रद्द कर दी गई हैं।" इंडिगो प्रतिदिन लगभग 2,200 उड़ानों का ऑपरेट करती है।

ये भी पढ़ें- Blasts In Lahore: लाहौर में वाल्टन एयरपोर्ट के पास धमाका, आसमान में दिखा धुएं का गुबार

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।