मुंबई में एक बेहद चौंकाने वाला और शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक शातिर अपराधी पति ने अपनी ही पत्नी को घर में कैद करके घंटों तक बेरहमी से पीटा और उसे जमकर जलील किया। जब प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी अपनी जान बचाकर मायके भागी, तो आरोपी वहां भी पहुंच गया और उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान 25 वर्षीय अरबाज सैयद के रूप में हुई है। अरबाज का उसकी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर घरेलू विवाद हुआ था। इसके बाद अरबाज ने आपा खो दिया और पत्नी को घर के अंदर बंधक बना लिया।
आरोप है कि उसने तलवार दिखाकर पत्नी को जान से मारने की धमकी दी और कहा कि वह उसके चेहरे पर तेजाब फेंक देगा। हैवानियत की हद पार करते हुए आरोपी ने अपनी पत्नी को सजा के तौर पर करीब 4 घंटे तक 'मुर्गा' बनाकर रखा और लगातार मारपीट करता रहा।
मायके पहुंकर भी किया जानलेवा हमला
इस भयानक प्रताड़ना के बीच, पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटने में कामयाब रही। वह अपनी जान बचाने के लिए भागकर सीधे अपने मायके (माता-पिता के घर) पहुंच गई। लेकिन अरबाज का गुस्सा शांत नहीं हुआ था, वह उसका पीछा करते हुए उसके मायके भी पहुंच गया।
मायके पहुंचकर अरबाज ने जमकर हंगामा काटा। जब परिजनों ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने तैश में आकर चाकू निकाला और अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को दबोचा, पहले से दर्ज हैं 19 केस
इस खूनी खेल के बाद पीड़िता के परिवार वालों ने तुरंत पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी करके आरोपी अरबाज सैयद को हिरासत में ले लिया।
जब पुलिस ने अरबाज का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। अरबाज एक पेशेवर अपराधी है और उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 19 गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
जख्मी पत्नी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी अरबाज के खिलाफ हत्या के प्रयास और बंधक बनाने जैसी कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जेल भेजने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मामले की आगे की जांच जारी है।