Murshidabad Violence: बंगाल में हिंसक वक्फ विरोध प्रदर्शन के बीच बाप-बेटे की हत्या, एक और शख्स की गोली लगने से मौत

निमटीटा, शमशेरगंज, जंगीपुर, सुती और जाफराबाद में तनाव अभी भी बना हुआ है, लेकिन रेलवे पुलिस बल (RPF) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) उन जगहों पर तैनात हैं और उन्होंने न्यूज एजेंसी IANS को बताया कि स्थिति काबू में है। पश्चिम बंगाल में अशांति के बीच पुलिस ने “गुंडागर्दी” में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है

अपडेटेड Apr 12, 2025 पर 7:13 PM
Story continues below Advertisement
Murshidabad Violence: बंगाल में हिंसक वक्फ विरोध प्रदर्शन के बीच बाप-बेटे की हत्या, एक और शख्स की गोली लगने से मौत

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन से जुड़ी हिंसक झड़पों में तीन लोगों की मौत हो गई। शमशेरगंज पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले जाफराबाद में एक बाप और बेटे की उनके घर के अंदर कथित तौर पर हत्या कर दी गई। साथ ही गोली लगने से घायल एक युवक ने शनिवार को दम तोड़ दिया। जाफराबाद के रहने वाले बाप बेटे के घरवालों ने बताया कि शनिवार सुबह बदमाशों ने अचानक उनके घर को घेर लिया और लूटपाट करने के लिए घर में घुस गए।

इसके बाद उन्होंने 60 साल के हरगोविंद दास और उनके 45 साल के बेटे चंदन दास पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। News18 ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि अब तक 138 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

निमटीटा, शमशेरगंज, जंगीपुर, सुती और जाफराबाद में तनाव अभी भी बना हुआ है, लेकिन रेलवे पुलिस बल (RPF) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) उन जगहों पर तैनात हैं और उन्होंने न्यूज एजेंसी IANS को बताया कि स्थिति काबू में है।


पश्चिम बंगाल में अशांति के बीच पुलिस ने “गुंडागर्दी” में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था की स्थिति पर बोलते हुए DGP राजीव कुमार ने कहा, "कल से जंगीपुर में अशांति का माहौल देखने को मिला और सांप्रदायिक अशांति भी देखी गई है। किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हम स्थिति से बहुत मजबूती से निपट रहे हैं। मानव जीवन की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है।"

राज्य सरकार ने कलकत्ता हाई कोर्ट को बताया कि DGP राजीव कुमार शनिवार शाम को शमशेरगंज का दौरा कर सकते हैं। विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी की केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग वाली याचिका पर कलकत्ता हाई कोर्ट में विशेष सुनवाई चल रही है।

Murshidabad Violence: वक्फ कानून को लेकर मुर्शिदाबाद में हिंसा में 110 से ज्यादा लोग गिरफ्तार

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।