Karnataka: कर्नाटक के बीदर में रहस्यमयी धमाका, 6 बच्चों समेत 8 लोग घायल

बीदर के पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुंटी ने बताया कि यह धमाका हुमनाबाद पुलिस थाना क्षेत्र में हुआ है। उन्होंने कहा कि इस घटना में छह बच्चों समेत कुल आठ लोग घायल हुए हैं। राहत की बात यह है कि सभी घायलों की हालत स्थिर है। एसपी के अनुसार, धमाका एक पेंटर के घर में हुआ, जहां से पेंट और कुछ केमिकल मिले हैं

अपडेटेड Jan 31, 2026 पर 10:57 PM
Story continues below Advertisement
कर्नाटक के बीदर जिला में हुए एक रहस्यमयी धमाके में कम से कम आठ लोग घायल हो गए।

कर्नाटक के बीदर में शनिवार को एक रहस्यमयी धमाके में कम से कम आठ लोग घायल हो गए। इनमें छह बच्चे भी शामिल हैं। यह घटना मोलिगे मरय्या मंदिर की ओर जाने वाली सड़क पर हुई। बताया जा रहा है कि लोग सड़क पर चल रहे थे, तभी अचानक धमाका हुआ। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया। धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। इसके बाद क्राइम टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया। फिलहाल अधिकारी मौके की जांच कर रहे हैं, ताकि धमाके की असली वजह पता चल सके।

पुलिस ने दी ये जानकारी 

बीदर के पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुंटी ने बताया कि यह धमाका हुमनाबाद पुलिस थाना क्षेत्र में हुआ है। उन्होंने कहा कि इस घटना में छह बच्चों समेत कुल आठ लोग घायल हुए हैं। राहत की बात यह है कि सभी घायलों की हालत स्थिर है। एसपी के अनुसार, धमाका एक पेंटर के घर में हुआ, जहां से पेंट और कुछ केमिकल मिले हैं। इसी वजह से आशंका जताई जा रही है कि हादसा इन्हीं चीज़ों से जुड़ा हो सकता है। PTI से बात करते हुए उन्होंने बताया कि क्राइम टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर मौजूद हैं और घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिस चीज़ से धमाका हुआ, उसकी सही प्रकृति और अन्य जरूरी जानकारियों की जांच की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।


6 बच्चे गंभीर रूप से घायल 

बीदर जिले के प्रभारी मंत्री ईश्वर बी. खंड्रे ने रहस्यमयी धमाके में बच्चों के गंभीर रूप से घायल होने पर हैरानी जताई और घटना की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि बीदर जिले के हुमानाबाद तालुक के मोलकेरा गांव में मंदिर रोड पर एक संदिग्ध वस्तु के फटने से स्कूल जा रहे बच्चों समेत 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, इस घटना ने मुझे झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने आगे कहा, "मैंने घायलों को तुरंत सही इलाज देने और जिला प्रशासन को मेडिकल खर्च उठाने का निर्देश दिया है। मैंने जिला पुलिस अधीक्षक और एक विस्फोटक विशेषज्ञ को मौके पर भेजा है, विस्फोट स्थल से नमूने एकत्र किए हैं और पूरी जांच का आदेश दिया है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।