Re-NEET UG 2026: रविवार, 21 जून को होने वाली Re-NEET UG 2026 परीक्षा से पहले एक बड़ी और चौंका देने वाली गड़बड़ी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, नागपुर के एक कैंडिडेट को NTA (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) की गलती के कारण भारत की जगह अबू धाबी (यूएई) में परीक्षा केंद्र दे दिया गया। जिसके बाद से एक बार फिर शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
बता दें की कैंडिडेट, अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब ने जब आधिकारिक वेबसाइट से अपना Re-NEET UG 2026 का एडमिट कार्ड डाउनलोड किया, तो उसमें परीक्षा केंद्र अबू धाबी का एक स्कूल लिखा हुआ था। जिसके बाद उसे इस गड़बड़ी का पता चला।
नागपुर के लिए किया था आवेदन, लेकिन विदेश में मिला सेंटर
खबरों के अनुसार, अब्दुल्ला ने नागपुर से परीक्षा के लिए अप्लाई किया था और उन्हें उम्मीद थी कि उन्हें देश के अंदर ही कोई टेस्ट सेंटर मिलेगा। लेकिन एडमिट कार्ड में विदेश का सेंटर देखकर वह हैरान रह गए। सबसे बड़ी समस्या यह है कि अब्दुल्ला के पास पासपोर्ट भी नहीं है। ऐसे में उनके लिए अबू धाबी जाकर परीक्षा देना संभव नहीं है।
बता दें कि सोशल मीडिया पर एडमिट कार्ड का स्क्रीनशॉट भी वायरल हो गया है, जिसमें अबू धाबी के एक भारतीय स्कूल का नाम परीक्षा केंद्र के रूप में दिखाई दे रहा है। इसके बाद इस मामले की जानकारी एनटीए अधिकारियों को दी गई।
वहीं, इस समस्या के बारे में पता चलने पर, NTA ने कथित तौर पर गलती मानी और कहा कि यह तकनीकी खराबी की वजह से हुआ। एजेंसी ने उम्मीदवार के परिवार को भरोसा दिलाया कि इसे ठीक करने के लिए कदम उठाए जाएंगे और सही परीक्षा केंद्र वाला नया एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा।
छात्र के परिवार के मुताबिक, अब्दुल्ला ने आवेदन प्रक्रिया के दौरान नागपुर, वर्धा और भंडारा को अपनी पसंद के परीक्षा शहरों के तौर पर चुना था। लेकिन, उसके एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र अबू धाबी (UAE) दिखाया गया था।
मीडिया से बात करते हुए कैंडिडेट अब्दुल्ला के पिता डॉ. मोहम्मद तालिब ने कहा, "हम हैरान हैं। एडमिट कार्ड देखकर मेरा बेटा रोने लगा।" उन्होंने यह भी बताया कि बेटे के पास पासपोर्ट भी नहीं है।
दूसरी तरफ NTA ने छात्रों को सलाह दी है कि अगर एडमिट कार्ड में नाम, पर्सनल जानकारी, परीक्षा केंद्र या किसी अन्य जरूरी जानकारी में कोई गलती हो, तो इसकी तुरंत सूचना एजेंसी को दें।
बताते चले कि RE-NEET UG 2026 परीक्षा 21 जून को पेन-एंड-पेपर मोड में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर अपना एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ ले जाना अनिवार्य हैं।