Global Navitaire Outage: आज सुबह दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े हवाई अड्डों पर IndiGo और Akasa Air समेत कई एयरलाइनों का कामकाज अचानक ठप हो गया। इसका मुख्य कारण Navitaire जो कि एक वैश्विक पैसेंजर सर्विस सिस्टम है उसमें आई तकनीकी खराबी थी। हालांकि, यह समस्या केवल 30 से 45 मिनट तक रही, लेकिन सुबह की व्यस्तता के कारण चेक-इन काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं और भारी भीड़ जमा हो गई।
सिस्टम डाउन होने से लगी लंबी कतारें
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह करीब 6:45 बजे यह तकनीकी खराबी शुरू हुई। सिस्टम डाउन होने के कारण एयरलाइनों को यात्रियों का डेटा रजिस्टर में मैनुअली दर्ज करना पड़ा। बोर्डिंग पास और चेक-इन की प्रक्रिया धीमी होने से दिल्ली और मुंबई दोनों एयरपोर्ट्स पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इंडिगो ने लगभग 25 मिनट में अपने सिस्टम बहाल कर लिए, और सुबह 8:25 बजे तक सभी सेवाएं पूरी तरह सामान्य हो गईं।
क्या है Navitaire और यह क्यों जरूरी है?
Navitaire एक ग्लोबल टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म है, जो मुख्य रूप से कम लागत वाली एयरलाइनों को सेवाएं देता है। यह सिस्टम रिजर्वेशन, चेक-इन, टिकटिंग और डिपार्चर कंट्रोल जैसे महत्वपूर्ण काम संभालता है। भारत की इंडिगो, आयरलैंड की Ryanair और अमेरिका की स्पिरिट एयरलाइंस इसके बड़े यूजर हैं। जब इसका सर्वर डाउन होता है, तो एयरलाइन कंपनियां यात्रियों को डिजिटल तरीके से प्रोसेस नहीं कर पातीं, जिससे पूरा ऑपरेशन धीमा हो जाता है।
आज आई इस छोटी सी तकनीकी खराबी ने नवंबर 2025 की उस बड़ी घटना की याद दिला दी, जब दिल्ली एयरपोर्ट पर तकनीकी गड़बड़ी के कारण 800 से अधिक उड़ानें लेट हुई थीं। दिल्ली एयरपोर्ट प्रतिदिन लगभग 1,500 और मुंबई लगभग 1,000 उड़ानों का संचालन करता है, ऐसे में आधे घंटे का सिस्टम फेल होना भी हजारों यात्रियों के सफर को प्रभावित कर देता है। राहत की बात यह रही कि इस बार कोई बड़ी फ्लाइट कैंसिल नहीं हुई और सिस्टम समय रहते बहाल कर लिया गया।