अगर आपको भी तत्काल टिकट बुक करते समय परेशानी होती है तो ये खबर आपके काम की है। अक्सर तत्काल टिकट बुक करते समय लंबी भीड़ और वेबसाइट की धीमी स्पीड की वजह से टिकट बुक नहीं हो पाता है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो RailOne ऐप की कुछ आसान सेटिंग्स पहले से तैयार रख कर आप आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं। इसमें बायोमेट्रिक लॉगिन, R-Wallet से भुगतान और जरूरी जानकारी पहले से सेव रखने जैसे फीचर्स की मदद से टिकट बुकिंग की प्रक्रिया तेज हो जाती है। इससे सुबह 10 बजे तत्काल टिकट खुलते ही कम समय में टिकट बुक होने की संभावना बढ़ जाएगी।
तत्काल टिकट बुक करने से पहले अपनी IRCTC मास्टर लिस्ट तैयार रखना फायदेमंद होता है। इसमें सभी यात्रियों का नाम, उम्र और पहचान पत्र की जानकारी पहले से सेव कर दें। इसके बाद RailOne ऐप में टिकट बुक करते समय ये जानकारी एक क्लिक में इंपोर्ट हो जाती है, जिससे बार-बार डिटेल्स टाइप करने की जरूरत नहीं पड़ती और आपका समय बचता है। इसके साथ ही स्टेशन का शॉर्ट कोड (जैसे NDLS, HWH या BSB) पहले से तैयार रखें। इससे ट्रेन जल्दी सर्च होगी और आपका समय बचेगा।
फिंगरप्रिंट लॉगिन करें चालू
तत्काल टिकट बुकिंग के समय समय बचाने के लिए बायोमेट्रिक या फिंगरप्रिंट लॉगिन पहले से चालू कर लें। इससे टिकट खुलते ही आपको पासवर्ड टाइप करने या OTP का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। एक टच में ऐप खुल जाएगा और आप सीधे टिकट सर्च करने की प्रक्रिया शुरू कर सकेंगे।
तत्काल टिकट बुक करने से पहले R-Wallet में बैलेंस डालकर रखें। इससे पेमेंट जल्दी हो जाता है और OTP का इंतजार नहीं करना पड़ता। अगर आप R-Wallet इस्तेमाल नहीं करते हैं, तो UPI से भुगतान करें और टिकट बुक करने से पहले अपना UPI ऐप खोलकर तैयार रखें।
तत्काल टिकट बुक करते समय सही समय पर ऐप खोलना भी काफी जरूरी माना जाता है। एसी टिकट के लिए सुबह 9:58 बजे और स्लीपर टिकट के लिए 10:58 बजे RailOne ऐप में लॉग इन करना बेहतर रहता है। इससे न तो आपका सेशन जल्दी खत्म होता है और न ही टिकट खुलने के बाद सर्वर की लंबी कतार का सामना करना पड़ता है।
तत्काल टिकट बुक करते समय अगर कोई खास बर्थ चुनना जरूरी न हो, तो "No Preference" ऑप्शन चुनना बेहतर होता है। इससे सीट आवंटन की प्रक्रिया तेज हो सकती है और टिकट बुक करने में कम समय लगता है, जिससे तत्काल टिकट मिलने की संभावना भी बढ़ सकती है।
RailOne ऐप का हल्का और आसान इंटरफेस तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान बेहतर अनुभव दे सकता है। तेज़ स्पीड के लिए टिकट बुक करते समय फोन में चल रहे गैर-जरूरी ऐप्स बंद रखें और जहां संभव हो, तेज़ 5G या स्थिर इंटरनेट कनेक्शन का इस्तेमाल करें। इससे ऐप बेहतर तरीके से काम करता है और टिकट बुकिंग की प्रक्रिया तेज हो सकती है।