IRS Officer Daughter Murder case: दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी की हत्या और रेप के मामले में कई खुलासे हुए हैं। अब एक और खुलासा आरोपी राहुल मीणा को लेकर हुआ है। राहुल की बहन ने बताया कि उसके भाई को मोबाइल पर 'तीन पत्ती' और लूडो जैसे गेम में जुआ खेलने की गंदी लत लग गई थी। राहुल ऑनलाइन गेम में लाखों रुपए हार चुका था। जिस वजह से वह दिल्ली में अफसर के घर चोरी करने के इरादे से गया था। जहां पर उसने अधिकारी की बेटी के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी।
राजस्थान का रहने वाला राहुल मीणा पढ़ने में भी काफी इंटेलिजेंट था। उसकी बहन ने बताया कि राहुल के 10वीं में 73% और 12वीं में 90% अंक आए थे। दिल्ली में अधिकारी के यहां नौकरी करने के दौरान वो ऑनलाइन गेम में सट्टा लगाता था, और इसलिए उसने वहां के लोकल दुकानदारों से पैसे भी उधार लिए थे। जिसकी शिकायत मिलने पर IRS अधिकारी ने उसे नौकरी से निकाल दिया था।
परिजनों ने बताया कि राहुल के पिता भी दिल्ली में नौकरी करते थे। वो इनकम टैक्स विभाग व अधिकारियों के घर पर काम कर चुके हैं। उसके पिता ने अपनी जगह पर अपने साले को नौकरी पर लगवाया था। साले ने अधिकारियों से जान-पहचान होने के कारण राहुल को एक अधिकारी के घर पर नौकरी पर लगवाया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, मीणा से हुई पूछताछ में सामने आया कि उसकी सोच ठीक नहीं है। आरोपी को गुरुवार को अदालत में पेश किया गया, जहां उसने न्यायिक मजिस्ट्रेट दीपिका ठाकरान के सामने कहा, "मुझसे अपराध हो गया... गलती हो गई।" इसके बाद मजिस्ट्रेट ने दिल्ली पुलिस की याचिका स्वीकार करते हुए उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
IRS अफसर की बेटी का रेप करके किया मर्डर
बता दें कि दिल्ली की पॉश अमर कॉलोनी में रहने वाले IRS अधिकारी की 22 साल की बेटी की बेरहमी से हत्या के मामले में पुलिस ने अलवर जिले के राजगढ़ के रहने वाले राहुल मीणा को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने एक एक्स्ट्रा चाबी का इस्तेमाल कर कैलाश हिल्स स्थित घर में बुधवार सुबह चुपके से घुसा था। इसके बाद वो सीधे छत पर बने स्टडी रूम में गया, जहां उसने अपने IRS अफसर की बेटी पर कथित तौर पर हमला किया, बलात्कार किया और फिर उसके खून से लथपथ शरीर को घसीट कर नीचे ले गया, जिसके बाद वहां से फरार हो गया। आरोपी पहले घर अधिकारी के यहां घरेलू नौकर के तौर पर काम करता था।