नोएडा में बिजनेस शुरू करने का बंपर मौका! सेक्टर 18 और GIP मॉल के पास अथॉरिटी की 34 दुकानों का होगा ई-ऑक्शन, जानिए सारी डिटेल

नोएडा के सेक्टर-18 और GIP मॉल के पास सेक्टर-38A में 34 नए दुकान (कियोस्क) शुरू किए जाएंगे। इनमें खाने-पीने, शॉपिंग और दूसरे छोटे कारोबार किए जा सकेंगे। अथॉरिटी ने इसके लिए इच्छुक कारोबारियों से EOI मांगा है

अपडेटेड Aug 31, 2026 पर 11:06 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इन दुकान (कियोस्क) को ऐसे स्थानों पर तैयार किया गया है जहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है

नोएडा के सेक्टर-18 और सेक्टर-38A में अब लोगों को शॉपिंग और खाने-पीने के ज्यादा विकल्प मिलेंगे। नोएडा अथॉरिटी इन दोनों जगहों पर 34 दुकान (कियोस्क) शुरू करने जा रही है। ये कियोस्क सेक्टर-18 और GIP मॉल के आसपास के इलाके में बनाए जाएंगे। अधिकारियों के मुताबिक, इस पहल का मकसद इन व्यस्त इलाकों में लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ छोटे कारोबार के लिए नए मौके पैदा करना है। इसके लिए अथॉरिटी ने कुल 34 कियोस्क के संचालन के लिए इच्छुक लोगों और कारोबारियों से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) मांगा है। अगर आप नोएडा में अपना बिजनेस करना चाहते हैं तो आपके पास ये अच्छा मौका है।

कितने कियोस्क बनेंगे

खाने-पीने की दुकानों के साथ कपड़े, सामान और दूसरे छोटे कारोबार भी किए जा सकेंगे। इस कदम से बाजारों में रौनक बढ़ने के साथ छोटे दुकानदारों को भी अपना काम शुरू करने का मौका मिलेगा। एक मीडिया स्टेटमेंट में नोएडा अथॉरिटी के ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) इंदु प्रकाश सिंह ने बताया कि, 'अथॉरिटी सेक्टर-38A में GIP मॉल के गेट नंबर 2 के पास 19 कियोस्क और सेक्टर-18 में 15 कियोस्क उपलब्ध करा रही है। इन कियोस्क का आवंटन ई-ऑक्शन के माध्यम से किया जाएगा। कियोस्क सात साल की अवधि के लिए दिए जाएंगे, जिसे जरूरत के अनुसार तीन साल तक और बढ़ाया जा सकेगा।'


पार्किंग की भी होगी सुविधा

अधिकारियों के मुताबिक, इन कियोस्क को ऐसे स्थानों पर तैयार किया गया है जहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है और आसपास बैठने के साथ पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे इन इलाकों में खाने-पीने और खरीदारी से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। अथॉरिटी के मुताबिक, पहले सभी कियोस्क को एक ही निजी कंपनी को लीज पर देने की योजना बनाई गई थी, लेकिन पर्याप्त और उपयुक्त बोलीदाता नहीं मिलने के कारण अब इन्हें अलग-अलग आवेदकों को देने का फैसला किया गया है। इससे ज्यादा लोगों को कारोबार शुरू करने का मौका मिल सकेगा और कियोस्क का बेहतर इस्तेमाल भी हो पाएगा।

38-A में खुलेंगे 19 कियोस्क

अथॉरिटी ने सेक्टर-38A के कियोस्क को अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से बांटा है। इस जगह पर 19 कियोस्क तैयार किए जा चुके हैं, जिनमें हर कियोस्क करीब 10.80 वर्ग मीटर का है। इनमें 11 कियोस्क खाने-पीने से जुड़े कारोबार के लिए, जबकि आठ कियोस्क दूसरे तरह के व्यवसायों के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे। अथॉरिटी इस पूरे क्षेत्र को एक खास थीम के तहत विकसित करना चाहती है, जहां देश के अलग-अलग राज्यों के मशहूर व्यंजन और उनकी संस्कृति से जुड़ी चीजों को जगह मिलेगी। इससे लोगों को एक ही स्थान पर अलग-अलग क्षेत्रों के स्वाद और संस्कृति का अनुभव करने का मौका मिल सकेगा।

सेक्टर-18 में भी खुलेगा

सेक्टर-18 मार्केट में 15 कियोस्क अलग-अलग जगहों पर लगाए गए हैं और हर कियोस्क करीब 11.34 वर्ग मीटर का है। यहां 12 कियोस्क में नॉन-फूड से जुड़े कारोबार और तीन कियोस्क में खाने-पीने की चीजों की बिक्री की जा सकेगी। जरूरत पड़ने पर अथॉरिटी की अनुमति लेकर इस अनुपात में बदलाव भी किया जा सकता है। इस पूरे क्षेत्र को आकर्षक बनाने के लिए यहां 22 फीट x 13 फीट की बड़ी डेल्टा स्क्रीन, छह स्कल्पचर, 65 बोलार्ड और लोगों के बैठने के लिए 24 सीटों की व्यवस्था भी की गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।