5 कोठियां, दो करोड़ कैश और करीब आधा किलो सोना, इंजीनियर की आलीशान संपत्ति देख दंग रह गए अधिकारी

इंजीनियर (AEE) बैकुंठ नाथ बेहरा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को विभाग की टीमों ने उनसे जुड़े नौ अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। जांच के दौरान उनके आवास, पैतृक घर, कार्यालय और अन्य संपत्तियों की तलाशी ली गई। अधिकारियों ने दस्तावेजों और संपत्तियों से जुड़ी जानकारी जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है

अपडेटेड Jun 07, 2026 पर 5:05 PM
असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (AEE) बैकुंठ नाथ बेहरा की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

ओडिशा विजिलेंस ने एक बड़ा एक्शन लिया है। टीम ने इंजीनियर बैकुंठ नाथ बेहरा के ठिकानों पर छापेमारी की। बालीगुडा स्थित इंटीग्रेटेड ट्राइबल डेवलपमेंट एजेंसी (आईटीडीए) में काम करने वाले असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (AEE) बैकुंठ नाथ बेहरा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोपों की जांच के तहत विजिलेंस डिपार्टमेंट ने उनके ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें बड़ी मात्रा में संपत्ति और निवेश से जुड़े दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है और संपत्तियों की जांच की जा रही है।

नौ ठिकानों पर पड़ी रेड

इंजीनियर (AEE) बैकुंठ नाथ बेहरा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को विभाग की टीमों ने उनसे जुड़े नौ अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। जांच के दौरान उनके आवास, पैतृक घर, कार्यालय और अन्य संपत्तियों की तलाशी ली गई। अधिकारियों ने दस्तावेजों और संपत्तियों से जुड़ी जानकारी जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


पहले मिलती थी 6000 सैलरी

विजिलेंस डिपार्टमेंट की जानकारी के अनुसार, बैकुंठ नाथ बेहरा ने वर्ष 1999 में नबरंगपुर ब्लॉक में जूनियर इंजीनियर (सिविल) के रूप में अपने सरकारी करियर की शुरुआत की थी। उस समय उनका हर महीने की सैलरी करीब 6,000 रुपये था। इसके बाद उन्होंने नबरंगपुर, उदाला और आईटीडीए की विभिन्न परियोजनाओं में कई पदों पर काम किया। वर्ष 2016 में उन्हें प्रमोशन देकर असिस्टेंट इंजीनियर बनाया गया और नबरंगपुर आईटीडीए में तैनात किया गया। वहीं फरवरी 2026 में उन्हें असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के पद पर प्रमोट कर बालीगुडा आईटीडीए में भेजा गया।

दो करोड़ कैश, 350 ग्राम सोना

रेड के दौरान जांच अधिकारियों को बड़ी मात्रा में कैश, संपत्ति और निवेश से जुड़े दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है। शुरुआती जांच में बैकुंठ नाथ बेहरा के ठिकानों से 2 करोड़ रुपये से अधिक कैश बरामद होने की बात कही जा रही है। इसके अलावा घर और बैंक लॉकरों से करोड़ों रुपये की संपत्ति, कई बहुमंजिला इमारतें, भुवनेश्वर और आसपास के क्षेत्रों में कई कीमती भूखंड, 341 ग्राम सोने के आभूषण और 45 लाख रुपये से अधिक की बैंक जमा राशि का भी पता चला है। विजिलेंस विभाग इन सभी संपत्तियों के सोर्स की जांच कर रहा है।

वहीं इस एक्शन पर ज्यादा जानकारी देते हुए सेल डिवीजन विजिलेंस के एसपी सुशांत कुमार बिस्वाल ने बताया कि, “आज (शनिवार) नौ स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें उनका आवास, पैतृक भवन और कार्यालय भी शामिल हैं। जांच के दौरान हमें पांच बहुमंजिला इमारतें, भुवनेश्वर और उसके आसपास 13 कीमती प्लॉट, सोने के आभूषण, नकदी और बैंक जमा से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। उनके घर और बैंक लॉकर से लगभग 2.4 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए हैं।” उन्होंने आगे कहा कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन से जुड़ी पूरी जानकारी साझा की जाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।