Pahalgam Attack: 'उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा'; PM मोदी ने पहली बरसी पर पहलगाम पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि, 'मिनी स्विट्जरलैंड' में पर्यटकों के लिए नए नियम लागू

Pahalgam Attack Anniversary: पहलगाम के बैसरन मैदान में 22 अप्रैल 2025 को आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले में 25 पर्यटकों और एक स्थानीय व्यक्ति की मृत्यु हो गई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले साल आज ही के दिन पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद कर रहा हूं। उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा

अपडेटेड Apr 22, 2026 पर 11:15 AM
Story continues below Advertisement
Pahalgam Attack Anniversary: पहलगाम हमले की बरसी पर कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है

Pahalgam Attack Anniversary: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर बुधवार (22 अप्रैल) को कहा कि भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा। पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवादियों के नापाक इरादे कभी सफल नहीं होंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले साल आज ही के दिन पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद कर रहा हूं। उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा।

पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने पिछले साल आज ही के दिन जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हमला किया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। इनमें अधिकांश पर्यटक थे। पीएम मोदी ने बुधवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, "पिछले साल इसी दिन हुए भीषण पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि। उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा।"

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं, जो इस क्षति को सहने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "एक राष्ट्र के रूप में हम शोक और संकल्प में एकजुट हैं। भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा। आतंकियों के नापाक इरादे कभी सफल नहीं होंगे।"


पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम से जवाबी सैन्य अभियान चलाया था। इसमें भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में सैन्य तथा आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया था।

कश्मीर में बढ़ाई गई सुरक्षा

पहलगाम में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों द्वारा पिछले साल आज ही के दिन किए गए हमले में मारे गए 26 लोगों को बुधवार को पूरे देश में श्रद्धांलजि दी जा रही है। इस बीच कश्मीर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि घातक आतंकी हमले की पहली बरसी पर कश्मीर भर में पर्यटक स्थलों सहित महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। मारे गए लोगों की याद में कार्यक्रम और रैलियां आयोजित की जाएंगी।

लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले के कारण जम्मू कश्मीर से पर्यटक जाने लगे। अधिकारियों को लगभग 50 पर्यटन स्थलों को बंद करना पड़ा। सुरक्षा ऑडिट के बाद उनमें से कुछ को चरणबद्ध तरीके से फिर से खोला गया। हमले के एक साल बाद पहलगाम के प्रसिद्ध घास के मैदान एक बार फिर पर्यटकों की चहल-पहल से गुलजार हैं।

अनंतनाग जिले में स्थित 'मिनी स्विट्जरलैंड' की यात्रा करने के अपने फैसले पर किसी को पछतावा नहीं है। यह स्थल पिछले साल के आतंकी हमले की छाया से उबर रहा है। पहलगाम रिसॉर्ट में पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई नए उपाय लागू किए गए हैं। इनमें सर्विस प्रोवाइडर और विक्रेताओं का पर्यटकों से संपर्क करने से पहले उनका सत्यापन शामिल है।

'यूनिक क्यूआर कोड' सिस्टम की शुरूआत

पहलगाम में पर्यटकों की सुरक्षा के लिए सभी पर्यटन सर्विस प्रोवाइडर के लिए एक 'यूनिक क्यूआर कोड' आधारित वेरिफिकेशन सिस्टम शुरू की गई है। एक अधिकारी ने पीटीआई से कहा, "प्रत्येक सर्विस प्रोवाइडर की पुलिस द्वारा विधिवत जांच की गई है। अधिकारियों द्वारा रजिस्टेशन किया गया है। उन्हें एक यूनिक क्यूआर कोड दिया गया है जिसमें उस व्यक्ति के बारे में व्यक्तिगत जानकारी और अन्य डिटेल्स शामिल हैं।"

'QR कोड' में सर्विस प्रोवाइडर का नाम, पिता का नाम, डिटेल्स एड्रेस, मोबाइल नंबर, आधार नंबर, रजिस्ट्रेशन संख्या, ऑपरेशनल रूट्स और पुलिस द्वारा सत्यापित होने या न होने की जानकारी शामिल होती है।

ये भी पढ़ें- Bike Ban in Bengal: पश्चिम बंगाल में बाइक बैन को ममता बनर्जी ने बनाया बड़ा चुनावी मुद्दा, आखिर ECI ने क्या आदेश दिया है जिस पर मच गया बवाल

कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) वीके बर्डी ने हाल में हुई एक बैठक के दौरान निर्देश दिया कि पर्यटकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख पर्यटन स्थलों सहित संवेदनशील प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।