Pahalgam Attack: 'आतंकियों को बख्शा नहीं जाएगा' पहलगाम हमले पर बोले PM मोदी, 20 लोग घायल, कई लोगों की मौत की आशंका!
Kashmir Pahalgam Attack: हमला दोपहर करीब तीन बजे हुआ, जब आतंकवादी बैसरन घाटी में पहाड़ से नीचे उतरे और वहां पर्यटकों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस जगहों को लंबे हरे-भरे घास के मैदानों के कारण 'मिनी स्विट्जरलैंड' कहा जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमले की निंदा की और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को स्थिति का जायजा लेने का निर्देश दिया
Pahalgam Attack: 'आतंकियों को बख्शा नहीं जाएगा' पहलगाम हमले पर बोले PM मोदी, 20 लोग घायल, कई लोगों की मौत की आशंका
दक्षिण कश्मीर के प्रमुख पर्यटक स्थल पहलगाम में मंगलवार को आतंकवादी हमले में कई लोगों मौत की खबर है और कम से कम 20 लोग घायल हो गए। न्यूज एजेंसी PTI ने ये जानकारी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमले की निंदा की और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को स्थिति का जायजा लेने का निर्देश दिया। इसी कड़ी में अमित शाह दिल्ली से कश्मीर के लिए रवाना हो गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा कि जो भी इस जघन्य अपराध के पीछे हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने X पर पोस्ट कर कहा, "मैं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदना है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा...उन्हें बख्शा नहीं जाएगा! उनका नापाक एजेंडा कभी सफल नहीं होगा। आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है और यह और भी मजबूत होगा।"
I strongly condemn the terror attack in Pahalgam, Jammu and Kashmir. Condolences to those who have lost their loved ones. I pray that the injured recover at the earliest. All possible assistance is being provided to those affected.
Those behind this heinous act will be brought… — Narendra Modi (@narendramodi) April 22, 2025
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि मृतकों की संख्या पता लगाई जा रही है। उन्होंने ‘X’ पर कहा, "यह हमला हाल के सालों में आम लोगों पर हुए किसी भी हमले से कहीं बड़ा है।'
'मिनी स्विट्जरलैंड' में आतंकी हमला
हमला दोपहर करीब तीन बजे हुआ, जब आतंकवादी बैसरन घाटी में पहाड़ से नीचे उतरे और वहां पर्यटकों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस जगहों को लंबे हरे-भरे घास के मैदानों के कारण 'मिनी स्विट्जरलैंड' कहा जाता है।
आतंकी हमला ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अपने परिवार के साथ चार दिवसीय दौरे पर भारत आए हुए हैं।
हमले वाली जगह का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कई लोग खून से लथपथ और जमीन पर बेसुध पड़े हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि महिला टूरिस्ट रोते हुए अपने प्रियजनों की तलाश कर रही हैं। वीडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं हुई है।
मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने कहा, 'मैं अविश्वसनीय रूप से स्तब्ध हूं। हमारे टूरिस्टों पर यह हमला घृणित है। इस हमले के अपराधी जानवर, अमानवीय हैं और घृणा के लायक हैं। इसकी निंदा के लिए कोई भी शब्द पर्याप्त नहीं है। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।'
उन्होंने कहा, 'मैं तुरंत श्रीनगर वापस लौटूंगा। मृतकों की संख्या पता लगाई जा रही है, इसलिए मैं ज्यादा विवरण नहीं दे सकता। स्थिति साफ होने पर आधिकारिक रूप से सूचित किया जाएगा। यह हमला हाल के सालों में आम लोगों पर हुए किसी भी हमले से कहीं ज्यादा बड़ा है।"
अमरनाथ यात्रा से ठीक पहले हमला
घटना ऐसे समय में हुई है, जब सालों तक आतंकवाद से जूझने के बाद कश्मीर में टूरिस्टों की संख्या में भारी इजाफा देखा जा रहा है। साथ ही, 38 दिन की अमरनाथ तीर्थयात्रा तीन जुलाई से शुरू होनी है।
अधिकारियों ने बताया कि घायलों को निकालने के लिए एक हेलीकॉप्टर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि कुछ घायलों को स्थानीय लोग अपने खच्चरों पर लादकर घास के मैदानों से नीचे लाए।
पहलगाम अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि 12 घायल पर्यटकों को वहां भर्ती कराया गया है और सभी की हालत स्थिर है।
हमले के समय घटनास्थल पर रही एक महिला ने ‘पीटीआई-भाषा’ को फोन पर बताया, “मेरे पति को सिर में गोली लगी है, जबकि सात और लोग भी हमले में घायल हुए हैं।”
बैसरन के घने जंगल से निकले आतंकी
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, आतंकवादी 1980 के दशक में बॉलीवुड फिल्म निर्माताओं के लिए एक प्रसिद्ध स्थल बैसरन के आसपास के घने जंगल से निकले थे।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां बताया कि शहर में खबर आने के बाद थोड़ी देर पहले सेना, CRPF और स्थानीय पुलिस बैसरन घास के मैदानों में पहुंच गई।
उन्होंने बताया कि हमलावरों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर आतंकवाद रोधी अभियान शुरू किया गया है और सुरक्षा बलों को सभी दिशाओं में तैनात किया गया है।
टूरिस्टों से भरा पहलगाम रिजॉर्ट हुआ खाली
इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि आज दोपहर तक टूरिस्टों से भरा रहा पहलगाम रिजॉर्ट जो हमले के तुरंत बाद सुनसान हो गया और टूरिस्ट अपनी सुरक्षा के डर से वहां से चले गए।
बैसरन पहलगाम में एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। पहलगाम से खच्चरों के जरिए इस इलाके तक पहुंचा जा सकता है और रास्ते में पहलगाम शहर व लिद्दर घाटी का मनोरम दृश्य देखा जा सकता है।
देश भर से लाखों तीर्थयात्री दो रास्तों से पवित्र गुफा मंदिर की यात्रा करते हैं। एक मार्ग दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबा पहलगाम मार्ग है, जबकि दूसरा मार्ग गंदेरबल जिले में 14 किलोमीटर का छोटा बालटाल रूट है, जहां खड़ी चढ़ाई है।