Pahalgam Terror Attack : पहलगाम आतंकी हमले में पर्यटकों की बेरहमी से की गई हत्या को लेकर पूरे देश में पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा है। हमले के बाद से भारत, आतंकियों पर कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी साफ कह चुके है कि हलगाम हमले के आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं इनसके बीच महाराष्ट्र के एक पर्यटक ने दावा किया है कि उसकी एक रील में पहलगाम हमले का आतंकी कैद हुआ है।
न्यूज 18 से बात करते हुए महाराष्ट्र के पर्यटक ने बताया कि, वह 18 अप्रैल को अपने परिवार के साथ कश्मीर के बेताब घाटी घूमने गया था, जो हमले से चार दिन पहले की बात है। बेताब घाटी के बाद उनका परिवार श्रीनगर और गुलमर्ग जैसे अन्य पर्यटन स्थलों पर भी गया और हमले से एक दिन पहले घाटी से वापस लौट आया। बेताब घाटी में ही उस व्यक्ति ने अपनी बेटी के साथ एक रील बनाई थी।
पर्यटक द्वारा बनाए गए इस वीडियो में दो ऐसे संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहे हैं, जो चुपचाप परिवार के पास से गुजरते हुए नजर आ रहे हैं। इन लोगों की शक्ल उन आतंकवादियों से मिलती-जुलती है, जिन पर पहलगाम हमले में शामिल होने का संदेह है। अब यह रील जांच एजेंसियों के लिए काफी अहम सुराग बन सकती है।सुरक्षा कारणों से उस पर्यटक की पहचान गुप्त रखी गई है।
महाराष्ट्र के जिस पर्यटक ने बेताब घाटी में रील शूट की थी, उसने पहलगाम आतंकी हमले के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) समेत अन्य अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। पर्यटक ने बताया कि 22 अप्रैल को जब दोपहर में हमला हुआ, तो उसके कुछ समय बाद ही उसे दोस्तों और रिश्तेदारों से कई कॉल आने लगे। अगले दिन, अधिकारियों ने हमले में शामिल संदिग्धों के स्केच और एक तस्वीर जारी की, जो जल्द ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। यही वायरल तस्वीर देखकर महाराष्ट्र के इस व्यक्ति को शक हुआ कि उसने भी बेताब घाटी में ऐसे ही लोगों को देखा था, और उसने तुरंत अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
पर्यटक की रील से मिल सकता है सुराग
महाराष्ट्र के पर्यटक का कहना है कि हमले के बाद वायरल हुई तस्वीरों में कुछ चेहरे उसे जाने-पहचाने लगे। इसी शक के चलते उसने कश्मीर की अपनी छुट्टियों के दौरान खींची गई फोटोज और वीडियोज को ध्यान से खंगालना शुरू किया। उसकी तलाश बेताब घाटी में शूट की गई एक रील पर आकर रुकी , जो बैसरन घाटी से लगभग 10 किलोमीटर दूर है। यहीं पर उन दो लोगों की झलक मिली, जो पहलगाम हमले में शामिल संदिग्धों जैसे दिखते हैं। हमलावरों ने बैसरन घाटी में मासूम लोगों को निशाना बनाते हुए बेहद करीब से गोली मारी थी।
अधिकारियों ने अभी इस रील पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। फोरेंसिक जांच के बाद ही तय हो सकेगा कि वीडियो में दिखने वाले लोग वही संदिग्ध हैं या नहीं। फिर भी, पर्यटक का मानना है कि उसने अनजाने में दो अपराधियों को हमले से कुछ दिन पहले और घटना स्थल के करीब कैमरे में कैद कर लिया था।