जब गहरे समंदर में भारतीय जहाज के पास भाग कर आई पाकिस्तानी नौसेना, कुछ ऐसा हुआ जो किसी ने सोचा न था

Pakistan Navy Rescue Indian Crew: जानकारी के अनुसार, संकट में फंसे इस जहाज का नाम एमवी गौतम (MV Gautam) है। यह जहाज ओमान से भारत की ओर जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही इसमें एक गंभीर तकनीकी खराबी आ गई। इस खराबी के कारण जहाज बीच समुद्र में ही फंस गया और आगे बढ़ने में असमर्थ हो गया

अपडेटेड May 06, 2026 पर 9:40 AM
Story continues below Advertisement
भारतीय जहाज से मिले 'डिस्ट्रेस कॉल' पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी नौसेना ने मदद मुहैया कराई

Pakistan Navy: अरब सागर में बीते दिन कुछ ऐसा हुआ जिसकी खूब चर्चा है। एक भारतीय जहाज गहरे पानी में तकनीकी खराबी के कारण संकट में फंस गया। तब उसके लिए मसीहा बनकर आई पाकिस्तानी नौसेना। मंगलवार, 5 मई को पाकिस्तानी सेना द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, भारतीय जहाज से मिले 'डिस्ट्रेस कॉल' पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी नौसेना ने मदद मुहैया कराई।

ओमान से भारत जा रहा था 'एमवी गौतम'

जानकारी के अनुसार, संकट में फंसे इस जहाज का नाम एमवी गौतम (MV Gautam) है। यह जहाज ओमान से भारत की ओर जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही इसमें एक गंभीर तकनीकी खराबी आ गई। इस खराबी के कारण जहाज बीच समुद्र में ही फंस गया और आगे बढ़ने में असमर्थ हो गया।


6 भारतीय सहित 7 क्रू मेंबर्स की बचाई जान

जहाज पर कुल सात चालक दल के सदस्य सवार थे। इनमें से छह भारतीय नागरिक थे और एक सदस्य इंडोनेशिया का रहने वाला था। बीच समुद्र में फंसे होने के कारण चालक दल की सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडरा रहा था।

पाकिस्तानी नौसेना ने ऐसे चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रक्रिया तब शुरू हुई जब मुंबई स्थित मैरीटाइम रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर (MRCC) ने पाकिस्तानी अधिकारियों से संपर्क कर सहायता का अनुरोध किया। इसके बाद पाकिस्तानी नौसेना ने अपने जहाज 'कश्मीर' को तुरंत मौके पर भेजा। पाकिस्तानी मैरीटाइम सिक्योरिटी एजेंसी (PMSA) ने भी इस मानवीय सहायता मिशन में सहयोग दिया। चालक दल को आपातकालीन सहायता के रूप में भोजन और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।

पाकिस्तानी नौसेना के तकनीकी विशेषज्ञों ने भारतीय जहाज को स्थिर करने और तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए आवश्यक सहायता प्रदान की।

समुद्र में पहले भी पाकिस्तान ने दिखाई दरियादिली

यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तानी नौसेना ने इस तरह का रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया हो। पिछले महीने भी उत्तरी अरब सागर में एक मर्चेंट वेसल से मिली मदद की पुकार के बाद पाकिस्तानी नौसेना ने 18 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाला था। इन बचाए गए सदस्यों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।