Credit Cards

President Draupadi Murmu Kerala Visit: बाल-बाल बचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू! केरल में हेलिकॉप्टर के लैंड होते ही धंस गया हेलीपैड, टला बड़ा हादसा

President Draupadi Murmu Kerala Visit: प्रमादोम स्टेडियम में जिस जगह हेलीपैड बनाया गया था, वह राष्ट्रपति मुर्मू के हेलिकॉप्टर का भारी वजन नहीं झेल पाया। हेलीपैड के टारमैक का एक हिस्सा नीचे धंस गया, जिससे जहां पहिए छूते हैं, वहां गड्ढे बन गए

अपडेटेड Oct 22, 2025 पर 11:51 AM
Story continues below Advertisement
राष्ट्रपति मुर्मू सबरीमाला मंदिर के दर्शन के लिए केरल पहुंची थीं

President Droupadi Murmu: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के केरल दौरे के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्रमादोम स्टेडियम में राष्ट्रपति को ले जाने वाला हेलिकॉप्टर जैसे ही उतरा, हेलीपैड के टारमैक का एक हिस्सा नीचे धंस गया और गड्ढा हो गया। तुरंत मौके पर मौजूद पुलिस और दमकल विभाग के जवानों ने हेलिकॉप्टर को धंसने वाली जगह से धक्का देकर बाहर निकाला। बता दें कि राष्ट्रपति मुर्मू अब राजभवन से सबरीमाला मंदिर के दर्शन के लिए सड़क मार्ग से रवाना हो चुकी हैं।

कैसे हुआ हादसा?


राष्ट्रपति मुर्मू सबरीमाला मंदिर के दर्शन के लिए केरल पहुंची थीं। यह घटना सुरक्षा प्रोटोकॉल के बीच सामने आई है। प्रमादोम स्टेडियम में जिस जगह हेलीपैड बनाया गया था, वह राष्ट्रपति मुर्मू के हेलिकॉप्टर का भारी वजन नहीं झेल पाया। हेलीपैड के टारमैक का एक हिस्सा नीचे धंस गया, जिससे जहां पहिए छूते हैं, वहां गड्ढे बन गए। गनीमत यह रही कि घटना के समय राष्ट्रपति मुर्मू हेलिकॉप्टर के अंदर नहीं थीं।

अचानक आई इस मुश्किल स्थिति से निपटने के लिए, वहां मौजूद पुलिस और दमकल विभाग के जवानों ने फौरन कार्रवाई की। उन्होंने तुरंत मिलकर हेलिकॉप्टर को धंसी हुई जगह से धक्का मारकर बाहर निकाला।

हेलीपैड बनने में हुई थी जल्दबाजी

जिले के एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस हेलीपैड को लेकर थोड़ी जल्दबाजी हुई थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि खराब मौसम के कारण लैंडिंग की जगह निलक्कल से बदलकर प्रमादोम तय की गई थी। इसीलिए यह हेलीपैड मंगलवार देर रात को बनाया गया था। कॉन्क्रीट पूरी तरह से सूख नहीं पाया था, जिसकी वजह से वह हेलिकॉप्टर का वजन नहीं सह सका और गड्ढा बन गया।

राष्ट्रपति का केरल दौरा

राष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 से 24 अक्टूबर तक केरल के दौरे पर हैं:

22 अक्टूबर: सबरीमाला मंदिर में दर्शन और आरती।

23 अक्टूबर: पूर्व राष्ट्रपति के.आर. नारायणन की प्रतिमा का अनावरण (तिरुवनंतपुरम में) और शिवगिरी मठ में श्री नारायण गुरु की महासमाधि शताब्दी समारोह का उद्घाटन।

24 अक्टूबर: एर्नाकुलम स्थित सेंट टेरेसा कॉलेज के शताब्दी समारोह में शिरकत।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।