प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में देश के पहले ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया। यह देश के एनर्जी और पेट्रोकेमिकल सेक्टर में एक बड़ी उपलब्धि है। यह परियोजना हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) और राजस्थान सरकार की संयुक्त पहल है। बता दें कि इस रिफाइनरी की क्षमता 9 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष (MMTPA) है और इसमें लगभग ₹79,450 करोड़ का निवेश किया गया है।
यह अत्याधुनिक कॉम्प्लेक्स रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल प्रोडक्शन को एक साथ लाता है, जिसकी पेट्रोकेमिकल क्षमता 2.4 MMTPA है। इस रिफाइनरी का Nelson Complexity Index 17.0 है और पेट्रोकेमिकल यील्ड 26% से ज्यादा है, जो दक्षता और सस्टेनेबिलिटी के ग्लोबल बेंचमार्क के अनुरूप है।
बड़े पैमाने पर पैदा होंगे रोजगार के अवसर
इस प्रोजेक्ट से भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने, पेट्रोकेमिकल के मामले में आत्मनिर्भरता बढ़ाने और औद्योगिक विकास को गति देने में बड़ी मदद मिलने की उम्मीद है। यह इस इलाके में पेट्रोकेमिकल और प्लास्टिक पार्क के विकास के लिए एक मुख्य उद्योग के तौर पर काम करेगा, जिससे डाउनस्ट्रीम इंडस्ट्रीज और सहायक क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा।
इसके अलावा, यह रिफाइनरी बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करने और इलाके के सामाजिक-आर्थिक विकास में योगदान देने के लिए तैयार है।
वहीं, अब पीएम मोदी राजस्थान के बालोतरा में लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और उनकी आधारशिला रखेंगे।
जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का हुआ उद्घाटना
इससे पहले, राजस्थान दौरे के दौरान शनिवार को ही पीएम मोदी ने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया और संशोधित UDAN (उड़े देश का आम नागरिक) योजना की शुरुआत की। इस मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी उनके साथ मौजूद थे।
लगभग 23,000 वर्ग मीटर में फैले इस टर्मिनल में हर साल 20 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी। साथ ही, UDAN योजना के तहत अगले 10 सालों में क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए लगभग 28,840 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस प्रोजेक्ट को कुल 480 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। नई टर्मिनल बिल्डिंग को हर साल 20 लाख तक यात्रियों को संभालने के लिए डिजाइन किया गया है। यात्रा का अनुभव आसान और आरामदायक बनाने के लिए इसमें यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।