देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने नाम एक नया रिकॉर्ड कर लिया है। वे भारत के सबसे लंबे समय तक काम करने वाले चुने हुए सरकार प्रमुख बन गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री (गुजरात) और प्रधानमंत्री दोनों पदों को मिलाकर कुल 8,931 दिन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया, जो 8,930 दिनों तक पद पर रहे थे। पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में की थी, जहां उन्होंने 7 अक्टूबर 2001 से 21 मई 2014 तक लगातार 13 साल से ज्यादा समय तक शासन किया
प्रधानमंत्री मोदी, 2014 में देश के प्रधानमंत्री का पद संभाला और फिर 2019 व 2024 में दोबारा जीत हासिल कर लगातार तीसरी बार इस पद पर काबिज हुए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी लंबी सार्वजनिक सेवा में इस खास उपलब्धि पर बधाई दी और कहा कि देश के प्रति उनकी समर्पित भावना ही उनकी सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने बताया कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक नरेंद्र मोदी का पूरा जीवन सेवा और जिम्मेदारी निभाने का उदाहरण रहा है। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने भी उनकी इस उपलब्धि को कड़ी मेहनत और मजबूत प्रतिबद्धता का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग का 8,930 दिनों का रिकॉर्ड पार कर लिया है और अब वह देश में सबसे लंबे समय तक सरकार का नेतृत्व करने वाले नेता बन गए हैं।
सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा फॉलोअर्स
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैश्विक लोकप्रियता भी तेजी से बढ़ी है, खासकर सोशल मीडिया पर। वह इंस्टाग्राम पर 10 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स पाने वाले दुनिया के पहले नेता बन गए हैं। उनके फॉलोअर्स की संख्या अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी कहीं ज्यादा है, जिनके करीब 4 करोड़ 30 लाख फॉलोअर्स हैं।