ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय सेना के जवानों के बीच पहुंचे। आज सुबह-सुबह प्रधानमंत्री मोदी पंजाब के जलंधर में आदमपुर एयरबेस पर पहुंचे। वायुसेना के जवानों ने उन्हें जानकारी दी और उन्होंने बहादुर जवानों से बातचीत भी की। इस अहम पल की कई तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें PM मोदी के जवानों से बातचीत करते नजर आ रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके बाद और भी कई तस्वीरें पोस्ट करते हुए X पर लिखा, "आज सुबह मैं वायुसेना स्टेशन आदमपुर गया और हमारे बहादुर वायु योद्धाओं और सैनिकों से मिला। साहस, दृढ़ संकल्प और निडरता के प्रतीक लोगों के साथ रहना एक बहुत ही विशेष अनुभव था। भारत हमारे सशस्त्र बलों के प्रति हमेशा आभारी है, जो हमारे देश के लिए वे सब कुछ करते हैं।"
ऑपरेशन सिंदूर के नायकों से आमने-सामने मुलाकात कर PM मोदी ने न केवल उनका हौसला बढ़ाया, बल्कि यह भी साफ कर दिया कि भारत अब आतंक के खिलाफ किसी भी स्तर तक जाने को तैयार है।
पाकिस्तान में स्थित आतंकी ठिकानों पर की गई सटीक कार्रवाई के बाद प्रधानमंत्री मोदी खुद जवानों के बीच पहुंचे। उन्होंने वायुसेना के शीर्ष अधिकारियों के साथ मौजूदा हालात की समीक्षा की और ऑपरेशन की रणनीति पर चर्चा की। प्रधानमंत्री का जवानों से मिलने एक संकेत है कि- “पूरा देश आपके के साथ है। अगर कोई भारत की ओर आंख उठाकर देखेगा, तो उसे मिट्टी में मिला दिया जाएगा।”
पाकिस्तान को PM मोदी का सीधा संदेश
प्रधानमंत्री की यह यात्रा केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि दुश्मन को दिया गया एक साफ संदेश थी—भारत अब सिर्फ सहन नहीं करेगा, बल्कि हर हमला लौटाकर दुश्मन को करारा जवाब देगा।
भारत का दूसरा सबसे बड़ा एयरबेस माने जाने वाला आदमपुर, इस समय देश की सुरक्षा का अहम केंद्र बना हुआ है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद जब भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर था, तब पाकिस्तान ने इस एयरबेस को भी निशाना बनाने की कोशिश की थी। 10 मई को ड्रोन और मिसाइल से हुए पाकिस्तानी हमले का भारतीय वायुसेना ने न सिर्फ प्रभावशाली जवाब दिया, बल्कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के कई सैन्य और आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया।