PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय बंगाल और असम दौरे के दौरान चुनावी शंखनाद के साथ विकास परियोजनाओं की झड़ी लगा रहे हैं। रविवार को पश्चिम बंगाल के सिंगूर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने करीब 830 करोड़ रुपये की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की नींव रखी। इससे पहले असम के कलियाबोर में उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि देश अब विकास और विरासत को चुन रहा है और कांग्रेस की 'नकारात्मक राजनीति' को सिरे से खारिज कर रहा है।
'भाजपा अब देश की पहली पसंद'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के कलियाबोर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज पूरे देश की पहली पसंद बन गई है, जिसका मुख्य कारण जनता का 'विकास और विरासत' पर बढ़ता अटूट विश्वास है। उन्होंने हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव और मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनावों के परिणामों का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस मुंबई में कांग्रेस का जन्म हुआ, वहां वह आज अंतिम पायदानों पर सिमट गई है, जबकि भाजपा को जनता ने ऐतिहासिक जनादेश दिया है। पीएम ने जोर देकर कहा कि पिछले डेढ़ साल में भाजपा के प्रति लोगों का भरोसा निरंतर बढ़ा है और देश अब कांग्रेस की 'नकारात्मक राजनीति' को पूरी तरह नकार कर सुशासन के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।
कांग्रेस और विपक्ष पर बोला हमला
पीएम मोदी ने हालिया चुनावी जीत का जिक्र करते हुए कांग्रेस और विपक्ष को जमकर घेरा। पीएम ने कहा कि जिस मुंबई में कांग्रेस का जन्म हुआ, वहां के नगर निगम (BMC) चुनाव में वह चौथे-पांचवें नंबर की पार्टी बन गई है। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनावों और महाराष्ट्र निकाय चुनावों में बीजेपी की जीत को 'सुशासन की जीत' बताया। मालदा से पीएम ने देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन (हावड़ा-गुवाहाटी) को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने इसे 'मां काली की भूमि' को 'मां कामाख्या की भूमि' से जोड़ने वाला एक ऐतिहासिक कदम बताया।
बंगाल में कई परियोजनाओं की दिखाई हरी झंडी
कभी औद्योगिक विवादों का केंद्र रहे सिंगूर में पीएम मोदी ने भविष्य की तस्वीर पेश की। उन्होंने हुगली जिले के बलागढ़ में लगभग 900 एकड़ में फैले 'एक्सटेंडेड पोर्ट गेट सिस्टम' और अंतर्देशीय जल परिवहन (IWT) टर्मिनल की आधारशिला रखी गई। यह कोलकाता में माल ढुलाई के दबाव और प्रदूषण को कम करेगा। कोलकाता में प्रदूषण मुक्त शहरी परिवहन के लिए अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक कैटामारन लॉन्च किया गया। जयरामबाती और मयनापुर के बीच नई रेल लाइन का उद्घाटन किया गया, जिससे बांकुरा जिले के तीर्थयात्रियों और छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी। हावड़ा, सियालदह और संतरागाछी से बनारस, आनंद विहार और तांबरम के लिए नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई गई।