Rashtra Prerna Sthal: पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 25 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के लखनऊ में जा रहे हैं। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी दोपहर लगभग 2:30 बजे राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन करेंगे और इस अवसर पर एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे।
इसमें कहा गया है कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल को एक ऐतिहासिक राष्ट्रीय स्मारक और स्थायी राष्ट्रीय महत्व के प्रेरणास्रोत परिसर के रूप में विकसित किया गया है।
लखनऊ के बाहरी इलाके में हरदोई रोड पर 65 एकड़ में फैले इस परिसर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की 65 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमाएं हैं। प्रत्येक प्रतिमा का वजन 42 टन है और उनके चबूतरे के चारों ओर एक जलकुंड बना हुआ है।
आधिकारिक बयान के अनुसार, लगभग 230 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस परिसर को एक स्थायी राष्ट्रीय धरोहर के रूप में विकसित किया गया है, जो नेतृत्व मूल्यों, राष्ट्रीय सेवा, सांस्कृतिक चेतना और जन प्रेरणा को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है। इसका विकास लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की बसंत कुंज योजना के तहत किया गया था और कार्य 2022 में शुरू हुआ था।
स्मारक में कमल के आकार में निर्मित एक आधुनिक म्यूजियम भी है, जो लगभग 98,000 वर्ग फुट में फैला हुआ है। यह संग्रहालय एडवांस डिजिटल और इमर्सिव तकनीकों के माध्यम से भारत की राष्ट्रीय यात्रा और इन दूरदर्शी नेताओं के योगदान को प्रदर्शित करता है, जिससे म्यूजियम में आने वालों को एक आकर्षक और शैक्षिक अनुभव प्राप्त होता है।
इस संग्रहालय में 5 गैलरीज और तीन नेताओं को समर्पित 12 व्याख्यात्मक दीवारें हैं। दो कमरों में उनके जीवन पर आधारित ओरिएंटेशन फिल्में दिखाई जाएंगी।
इस म्यूजियम में भाजपा की वैचारिक पूर्ववर्ती संस्था भारतीय जनसंघ (BJS) के गठन का इतिहास भी प्रदर्शित किया गया है। वाजपेयी की कविताएं और भाषण, मुखर्जी और उपाध्याय के राष्ट्रवादी उद्धरण और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को उजागर करने वाली ऑडियो प्रस्तुतियां स्मारक की कई विशेषताओं में शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज उद्घाटन के बाद यह परिसर आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
इस स्मारक में 3,000 लोगों की बैठने की क्षमता वाला एक एम्फीथिएटर, एक मेडिटेशन हॉल, एक योगा सेंटर, एक म्यूजिक ब्लॉक, हेलीपैड और 2 लाख से अधिक लोगों की क्षमता वाला एक रैली ग्राउंड भी शामिल है।