VIDEO: साड़ियों के ढेर में जा छुपा TMC नेता, फिर पुलिस ने ऐसे खोज निकाला...कट मनी लेने का लगा आरोप

पुलिस कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी कपड़ों के ढेर को हटाते हैं और फिर उसके नीचे छिपे ब्रह्मानंद चक्रवर्ती को बाहर निकालते हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं और राज्य में राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है

अपडेटेड Jun 07, 2026 पर 6:59 PM
पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है

पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का एक स्थानीय नेता प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित गड़बड़ी के मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए कपड़ों के ढेर के नीचे छिपा हुआ दिखाई दे रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नेता की पहचान ब्रह्मानंद चक्रवर्ती के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जब पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिए उनके घर पहुंची, तो उन्होंने छिपकर बचने की कोशिश की।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो 

पुलिस अधिकारियों ने घर की तलाशी शुरू की और काफी खोजबीन के बाद उन्हें घर के अंदर कपड़ों के बड़े ढेर के नीचे छिपा हुआ पाया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें बाहर निकाला और हिरासत में ले लिया। यह पूरा घटनाक्रम चर्चा का विषय बना हुआ है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


फिर गर्माया 'कट मनी' का मामला 

पुलिस कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी कपड़ों के ढेर को हटाते हैं और फिर उसके नीचे छिपे ब्रह्मानंद चक्रवर्ती को बाहर निकालते हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं और राज्य में राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। ब्रह्मानंद चक्रवर्ती पर आरोप है कि उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिलने वाली राशि में से कमीशन मांगा था। स्थानीय भाषा में इस तरह के कथित कमीशन को "कट मनी" कहा जाता है।

आरोपों के मुताबिक, योजना के लाभार्थियों को मिलने वाली सरकारी सहायता राशि का एक हिस्सा उनसे वसूला गया या लाभार्थियों तक पहुंचने से पहले ही उसमें कटौती की गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की सच्चाई जानने के लिए सबूत जुटाए जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल की राजनीति में "कट मनी" शब्द लंबे समय से चर्चा का विषय रहा है। आम तौर पर इसका इस्तेमाल उन आरोपों के लिए किया जाता है, जिनमें कहा जाता है कि सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के बदले कुछ लोगों से कमीशन या पैसे की मांग की जाती है।

तृणमूल कांग्रेस ने अब तक इस गिरफ्तारी और वायरल वीडियो को लेकर कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया है। हालांकि, पार्टी पहले भी भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों को खारिज करती रही है। तृणमूल कांग्रेस का कहना रहा है कि उसके नेताओं को राजनीतिक विरोधी चुनावी लाभ के लिए निशाना बनाते हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर कथित "कट मनी" का मुद्दा चर्चा में आ गया है। पश्चिम बंगाल में यह विषय कई बार राजनीतिक विवाद और जनता की नाराजगी का कारण बन चुका है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।