प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कुवैत के क्राउन प्रिंस शेख सबा अल-खालिद अल-हमद अल-मुबारक अल-सबा से बात की। इस दौरान पश्चिम एशिया में बदलते सुरक्षा हालात पर चर्चा हुई और भारत ने इलाके में शांति बनाए रखने की अपनी बात दोहराई। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि उन्होंने कुवैत के क्राउन प्रिंस से बात की और आने वाले ईद के त्योहार की शुभकामनाएं दीं। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया के हालात पर अपने विचार साझा किए और हाल की घटनाओं को लेकर चिंता जताई।
पीएम मोदी ने कुवैत की संप्रभुता और उसकी सीमा की सुरक्षा पर हो रहे हमलों की कड़ी निंदा की। यह बयान ऐसे समय आया है, जब क्षेत्र में चल रहे तनाव का असर कुवैत पर भी पड़ रहा है। ईरान की ओर से खाड़ी देशों में सैन्य ठिकानों और अहम ढांचे पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए जा रहे हैं।
इन खतरों को देखते हुए कुवैत ने अपने एयर डिफेंस सिस्टम को एक्टिव कर दिया है। कई बार अलर्ट जारी किए गए हैं और कुछ घटनाएं सेना से जुड़े इलाकों में भी हुई हैं।
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों का सुरक्षित और बिना रुकावट आना-जाना भारत के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता है। यह दुनिया का बेहद अहम तेल मार्ग है, जहां से बड़ी मात्रा में तेल की सप्लाई होती है। यहां बढ़ते तनाव से सप्लाई रुकने और वैश्विक ऊर्जा संकट का खतरा बढ़ गया है।
दोनों नेताओं ने माना कि इलाके में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए लगातार बातचीत (डिप्लोमैसी) बहुत जरूरी है।
आखिर में पीएम मोदी ने कुवैत सरकार का धन्यवाद किया और वहां रह रहे भारतीयों की सुरक्षा और भलाई के लिए दिए जा रहे सहयोग की सराहना की।