2004 कॉल्स, 238 घंटे की बातचीत और डिलीटेड चैट्स... मंगेतर सिया और आशिक चेतन का ये राज भी खुला

Ketan Agarwal Murder Case Pune: पुलिस ने जब सिया और चेतन के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाली, तो उनके भी होश उड़ गए। रिकॉर्ड से पता चला है कि इसी साल जनवरी से लेकर अब तक सिया और चेतन के बीच 2004 बार फोन पर बातचीत हुई थी। दोनों ने फोन पर करीब 238 घंटे बात किए थे, जिससे यह साफ है कि वे किस कदर एक-दूसरे के प्यार और सनक में डूबे हुए थे

अपडेटेड Jun 27, 2026 पर 10:46 AM
केतन को मौत के घाट उतारने के बाद दोनों ने खुद को बचाने के लिए बेहद शातिर दिमाग चलाया था

Pune Ketan Murder Case: पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन ऐसे खुलासे हो रहे हैं जो किसी सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म की स्क्रिप्ट से कम नही हैं। फिलहाल केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी पुलिस कस्टडी में है। अब इस मर्डर मिस्ट्री एक बेहद सनसनीखेज बात सामने आई है।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने उस 'क्रिकेट कनेक्शन' और डिजिटल सबूतों का पता लगा लिया है, जिसने इस खौफनाक मर्डर की वारदात की नींव रखी थी। आइए जानते हैं कि कैसे एक क्रिकेट मैच से शुरू हुई यह कहानी लोहगढ़ किले में खूनी अंजाम तक पहुंच गई।

क्रिकेट ग्राउंड से शुरू हुई थी सिया और चेतन की कहानी


पुलिस जांच में यह बेहद दिलचस्प बात सामने आई है कि 19 साल की सिया गोयल और कातिल चेतन चौधरी आखिर एक-दूसरे के संपर्क में कैसे आए थे। पुलिस के मुताबिक, सिया की मुलाकात चेतन से उसके बड़े भाई साहिल गोयल के जरिए हुई थी। साहिल अक्सर चेतन के साथ क्रिकेट खेला करता था।

सिया अक्सर अपने भाई के साथ क्रिकेट मैच देखने जाया करती थी और वहीं उसकी पहली बार चेतन से जान-पहचान हुई थी। इसके बाद साल 2025 में एक कॉमन फ्रेंड की दिवाली पार्टी में दोनों फिर मिले और यहीं से दोनों की नजदीकियां बढ़ने लगीं।

6 महीने में 2004 कॉल्स और 238 घंटे की बातचीत!

पुलिस ने जब दोनों के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाली, तो उनके भी होश उड़ गए। रिकॉर्ड से पता चला है कि इसी साल जनवरी से लेकर अब तक सिया और चेतन के बीच 2004 बार फोन पर बातचीत हुई थी। दोनों ने फोन पर करीब 238 घंटे बात किए थे, जिससे यह साफ है कि वे किस कदर एक-दूसरे के प्यार और सनक में डूबे हुए थे।

इस सिलसिले में पुणे पुलिस ने सिया के भाई साहिल गोयल से शुक्रवार को करीब 10 घंटे तक कड़ी पूछताछ की है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या साहिल को अपनी बहन और चेतन के इस रिश्ते की भनक थी या नहीं।

मर्डर से ठीक एक दिन पहले कैफे में 'सीक्रेट मीटिंग'

जांच में एक और बेहद हैरान करने वाला खुलासा हुआ है। केतन अग्रवाल की मौत 18 जून को लोहगढ़ किले में हुई थी लेकिन मर्डर से ठीक एक दिन पहले यानी 17 जून को सिया और चेतन ने पुणे के लुल्लानगर इलाके के एक कैफे में सीक्रेट मीटिंग की थी।

दोनों दोपहर 4:30 बजे से 5:30 बजे के बीच करीब एक घंटे तक उस कैफे में साथ थे। पुलिस अब उस कैफे के सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाल रही है क्योंकि अंदेशा है कि इसी मीटिंग में केतन को रास्ते से हटाने का फाइनल प्लान तैयार किया गया था।

सबूत मिटाने के लिए डिलीट किए चैट

केतन को मौत के घाट उतारने के बाद दोनों आरोपियों ने खुद को बचाने के लिए बेहद शातिर दिमाग चलाया। पुलिस का दावा है कि वारदात के पहले और बाद में सिया और चेतन ने अपने मोबाइल से व्हाट्सएप चैट्स, इंस्टाग्राम कन्वर्सेशन और सारे ऑनलाइन रिकॉर्ड डिलीट कर दिए थे।

इतना ही नहीं, पकड़े जाने के डर से उन्होंने मोबाइल के रिसाइकल बिन को भी पूरी तरह क्लियर कर दिया था ताकि डेटा रिकवर न हो सके। हालांकि, अब फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम इन डिलीटेड चैट्स को रिकवर करने में जुट गई है, जिससे इस हत्याकांड की आखिरी कड़ी भी साफ हो जाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।