Punjab Blast Update: पंजाब में सिलसिलेवार धमाकों के पीछे पाकिस्तान की ISI है? पुलिस का बड़ा दावा, जालंधर और अमृतसर में विस्फोट से हड़कंप
Punjab Blast Update: खुफिया विभाग के शीर्ष सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) पंजाब में आतंकी गतिविधियों को फिर से शुरू करने की एक नई कोशिश कर रही है। जालंधर और अमृतसर में हुए धमाकों को एक सुनियोजित रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। दो सिलसिलेवार विस्फोटों ने पंजाब को दहला दिया है। मंगलवार को इससे दहशत फैल गई
Punjab Blast Update: पंजाब पुलिस ने कहा कि अमृतसर में कम तीव्रता का विस्फोट पाकिस्तानी साजिश का हिस्सा लगता है
Punjab Blast Update: पंजाब के दो प्रमुख शहर जालंधर और अमृतसर में एक के बाद एक सिलसिलेवार विस्फोट के बाद हड़कंप मच गया है। पंजाब के DGP गौरव यादव ने बुधवार (6 मई) को बताया कि अमृतसर के खासा में सेना छावनी की चाहरदीवारी के पास हुआ विस्फोट कम तीव्रता वाला था। पुलिस ने बताया कि विस्फोट मंगलवार (5 मई) रात को हुआ। इसमें किसी के घायल होने की खबर नहीं है। शुरुआती जांच में विस्फोट पाकिस्तानी खूफिया एजेंसी ISI की साजिश का हिस्सा लगता है।
खुफिया विभाग के शीर्ष सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) पंजाब में धमाकों के पीछे हो सकती है। पाक पंजाब में आतंकी गतिविधियों को फिर से शुरू करने की एक नई कोशिश कर रही है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने बताया कि किसी भी समूह ने विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है। लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि इस घटना के पीछे पाकिस्तान की आईएसआई का हाथ है।
उन्होंने बुधवार को पत्रकारों से कहा, "हमारा मानना है कि चूंकि आज ऑपरेशन सिंदूर का एक वर्ष पूरा हुआ है, इसलिए यह पंजाब में अशांति फैलाने की पाकिस्तान की आईएसआई की साजिश का हिस्सा है। पंजाब राष्ट्र की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ परोक्ष युद्ध लड़ रहा है।"
सेना और पंजाब पुलिस के बीच बड़ी बैठक
सेना के अधिकारियों और पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद डीजीपी यादव ने पत्रकारों को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा संबंधी आम चिंताओं की समीक्षा की गई और निर्देश जारी किए गए।
उन्होंने बताया कि अमृतसर पुलिस आयुक्त कार्यालय के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ भी बैठक हुई। डीजीपी के अनुसार, विस्फोट की सटीक प्रकृति और उसमें इस्तेमाल किए गए उपकरण का पता फॉरेंसिक जांच के बाद ही चलेगा। डीजीपी ने बताया कि संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है। सेना तथा अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर जांच की जा रही है।
दो धमाकों से दहला पंजाब
पंजाब में सुरक्षा प्रतिष्ठानों के पास मंगलवार रात सिलसिलेवार हुए दो विस्फोट ने पूरे राज्य को दहला दिया। पुलिस ने बताया कि पहला विस्फोट जालंधर में मंगलवार रात करीब आठ बजे सीमा सुरक्षा बल (BSF) के पंजाब फ्रंटियर के मुख्यालय के बाहर हुआ। जबकि दूसरा धमाका रात करीब 11 बजे अमृतसर में सैन्य छावनी के पास हुआ। इन विस्फोट में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। विस्फोट की दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है।
अमृतसर (ग्रामीण) के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुहैल मीर कासिम ने बताया कि पुलिस को रात करीब 11 बजे खासा की एक सड़क पर तेज आवाज में धमाके की सूचना मिली। SSP ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि किसी व्यक्ति ने चारदीवारी की ओर विस्फोटक उपकरण फेंका और उससे धमाका हो गया। विस्फोट के बाद टिन की शीट का एक टुकड़ा गिर गया, जो दीवार पर लगा था।
पुलिस ने बताया कि सैन्य अधिकारियों की एक टीम ने भी घटनास्थल पर स्थिति का जायजा लिया, जिसके बाद इलाके में घेराबंदी की गई। रात के समय हुए इस विस्फोट को आसपास के सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है।
विस्फोट से एक स्कूटर और एक 'ट्रैफिक सिग्नल' का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया तथा पास की एक दुकान के शीशे टूट गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि पंजाब फ्रंटियर स्थित बीएसएफ मुख्यालय के बाहर खड़े स्कूटर में आग लग गई। यह स्कूटर गुरप्रीत सिंह का था, जो नियमित रूप से इलाके में पार्सल पहुंचाते हैं।
पटियाला के शंभू में 27 अप्रैल को एक मालगाड़ी रेल पटरी पर विस्फोट हुआ था। पुलिस ने इस विस्फोट के लिए पाकिस्तान की आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया था। यह मॉड्यूल खालिस्तान समर्थक है।
सीएम मान का बीजेपी पर हमला
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अमृतसर और जालंधर में हुए दो विस्फोटों को मामूली करार दिया। सीएम ने बीजेपी पर लोगों में डर का माहौल बनाने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि यह पार्टी की राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी का हिस्सा है। मान ने कहा कि BJP लोगों में भय का वातावरण पैदा करना चाहती है ताकि उन्हें डराकर वोट हासिल किए जा सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की जांच जारी है। मान ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा हमेशा हिंसा भड़काकर और जनता को डराकर वोट हासिल करने की कोशिश करती है।
पीटीआई के मुताबिक उन्होंने आनंदपुर साहिब में पत्राकारों से कहा, "मैं भाजपा से ऐसी हरकतें बंद करने का आग्रह करता हूं। पंजाब एक शांतिप्रिय राज्य है। हम ऐसे लोग हैं जो हमेशा विश्व के कल्याण की कामना करते हैं।" मान ने दावा किया कि जिन राज्यों में भाजपा चुनाव लड़ती है, वहां वह अशांति फैलाने की कोशिश करती है।मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी देश किसी संकट का सामना करता है, पंजाब महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और राज्य में हर हाल में शांति तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखी जाएगी।