पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले इसका सेमीफाइनल माने जा रहे राज्य के 102 नगर निकायों के लिए हुए चुनावों की मतगणना शुक्रवार सुबह 8 बजे से जारी है। शुरुआती रुझानों और अब तक आए नतीजों में सूबे की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) ने जबरदस्त बढ़त बना रखी है, जबकि कांग्रेस दूसरे स्थान पर चल रही है। शिरोमणि अकाली दल (SAD) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की जीत के आंकड़े भी सामने आए हैं। आइए देखते हैं कि पंजाब निकाय चुनाव के अब तक के आंकड़ों में किस पार्टी का कैसा हाल है और कहां किसने बाजी मारी है।
पंजाब के शहरी निकायों के चुनावी नतीजों में AAP मुख्य विपक्षी दलों को पछाड़ते हुए काफी आगे निकल गई है। ये चुनाव 102 नागरिक निकायों में प्रतिनिधियों को चुनने के लिए कराए गए थे। इनमें 8 नगर निगम, 75 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतें शामिल हैं।
अब तक के आंकड़े जान लीजिए
पंजाब की विभिन्न सीटों और वार्डों पर आम आदमी पार्टी (AAP) 220 सीटों के साथ सबसे आगे चल रही है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस 90 सीटों पर जीत या बढ़त के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि शिरोमणि अकाली दल (SAD) 75 सीटों के साथ तीसरे नंबर पर है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अब तक 20 सीटों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है और निर्दलीयों सहित अन्य के खाते में 89 सीटें जाती हुई दिख रही हैं।
कांग्रेस चीफ राजा वडिंग के गढ़ 'गिद्दड़बाहा' में AAP की क्लीन स्वीप
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के राजनीतिक गढ़ माने जाने वाले गिद्दड़बाहा (Gidderbaha) में कांग्रेस को बहुत बड़ा झटका लगा है। यहां म्युनिसिपल काउंसिल (नगर परिषद) चुनावों में आम आदमी पार्टी ने एकतरफा और बड़ी जीत हासिल की है। गिद्दड़बाहा नगर परिषद के कुल 19 वार्डों में से 17 वार्डों पर AAP ने कब्जा कर लिया है।
सीएम भगवंत मान के 'धूरी' में भी AAP का डंका
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के गृह निर्वाचन क्षेत्र धूरीनगर परिषद चुनाव में भी सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की है। धूरी के कुल 21 वार्डों में से 16 वार्डों में AAP ने जीत हासिल की है। खास यह है कि इन 16 सीटों में 5 सीटें निर्विरोध जीती गई हैं। वहीं, इस क्षेत्र में 1 सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार को जीत मिली है।
अबोहर में AAP और BJP के बीच कड़ा मुकाबला
फाजिल्का जिले के अबोहर नगर निगम में भाजपा और आप के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली है। यहां दोनों ही दल बराबरी पर आकर टिक गए हैं। अबोहर नगर निगम में भाजपा (BJP) ने 6 वार्डों में जीत हासिल की है, तो वहीं AAP ने भी 6 वार्डों पर अपना परचम लहराया है।
पंजाब राज्य चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इस बार निकाय चुनाव में कुल 63.94% मतदान दर्ज किया गया था। पूरे राज्य के 102 नगर निकायों के 1,897 वार्डों में बनाए गए 3,833 पोलिंग बूथों पर 22.38 लाख से अधिक वोट डाले गए थे। शहरी निकायों की श्रेणियों में से सबसे अधिक मतदान नगर पंचायतों में 76.18% दर्ज किया गया। इसके बाद नगर परिषदों में 65.06% और नगर निगमों में 59.91% वोटिंग हुई।
पंजाब के इन 102 स्थानीय निकायों के लिए वोटों की गिनती अभी भी जारी है। ये आंकड़े और रुझान शुरुआती नतीजों पर आधारित हैं। इसलिए फाइनल नतीजे आने तक इन आंकड़ों में बदलाव संभव है। जैसे ही आधिकारिक तौर पर फाइनल नतीजे घोषित होंगे, इस रिपोर्ट को नए और सटीक अपडेट्स के साथ अपडेट किया जाएगा।