पंजाब के मोहाली में दिन-दहाड़े चार साल की एक बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया है। दिनदहाड़े सड़क पर टहलती बच्ची को अचानक किडनैप कर लिया गया है। साढ़े चार साल की मासूम बच्ची को कार सवार लोग उसके दादा-दादी के सामने से उठाकर ले गए। शुरुआती जांच में इस घटना के पीछे पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद का शक जताया जा रहा है।
बच्ची के पिता ने पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप
अपहरण के बाद बच्ची के पिता ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह पूरी घटना एक सोची-समझी साजिश हो सकती है। यह पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में देखा जा सकता है कि बच्ची अपने दादा-दादी के साथ स्कूटर से स्कूल से घर लौट रही थी। जैसे ही बच्ची की दादी गेट खोलने के लिए स्कूटर से उतरीं, तभी मोटरसाइकिल पर आए दो लोगों ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद उन्होंने बच्ची को उसके दादा की गोद से छीनने की कोशिश की।
दादा दादी के सामने बच्ची को किया किडनैप
जब दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हुई, तभी एक सफेद रंग की कार वहां आकर रुकी। कार से कई लोग बाहर निकले और उन्होंने मोटरसाइकिल सवार लोगों की मदद करनी शुरू कर दी। बच्ची के दादा-दादी ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन अपहरणकर्ता जबरदस्ती बच्ची को कार में बैठाकर मौके से फरार हो गए। दादा-दादी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। कुछ लोगों ने बच्ची को बचाने की कोशिश की और दो लोगों ने कार का पीछा भी किया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद आरोपी वहां से भागने में सफल रहे।
माता-पिता में चल रहा है विवाद
बच्ची की कस्टडी को लेकर पति-पत्नी के बीच मामला पहले से ही अदालत में चल रहा है। इस घटना के बाद बच्ची के पिता ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता ने कहा, “हम उन लोगों को नहीं जानते जो मेरी बेटी को उठाकर ले गए। लेकिन मुझे पूरा शक है कि यह सब मेरी पत्नी ने ही करवाया है। हमारी बेटी की कस्टडी को लेकर कोर्ट में केस चल रहा है। इसके बावजूद उसने कानून को अपने हाथ में लेकर यह गलत काम किया।” उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरी साजिश में उनकी पत्नी, उनकी सास और संदीप कुमार नाम का एक अन्य व्यक्ति भी शामिल है। बच्ची के पिता ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच कराने की मांग की है।