Ludhiana Jail Clash: पंजाब की लुधियाना सेंट्रल जेल में कैदियों के दो विरोधी गुटों के बीच हिंसक झड़प की खबर है। जानकारी के मुताबिक, झड़प के दौरान जेल में हालात बेकाबू हो गए और सुपरिटेंडेंट कुलवंत सिद्धू गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उसके बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा जेल पहुंचे, और एक्स्ट्रा पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
यह घटना उस समय हुई जब जेल अधिकारी गश्त कर रहे थे। उसी दौरान कैदियों के दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया। पुलिस के अनुसार, कैदियों के दो गुट एक में 10 और दूसरे में 7 कैदी आपस में भिड़ गए। उन्होंने चारदीवारी पर रखे ईंट के टुकड़ों का इस्तेमाल कर एक-दूसरे पर हमला किया। इस दौरान जेल के अंदर तैनात पुलिसकर्मियों पर भी कथित तौर पर हमला किया गया। झड़प के दौरान जेल सुपरिंटेंडेंट सिद्धू के सिर में गंभीर चोटें आई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जेल में हिंसा की खबर मिलने के बाद पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए जेल के अंदर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल झड़प के पीछे का सही कारण पता नहीं चल पाया है, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
विपक्ष ने आप सरकार पर साधा निशाना
इस घटना को लेकर कांग्रेस पार्टी ने पंजाब की भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर तीखा हमला किया है। पंजाब कांग्रेस इकाई के प्रमुख और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि, 'लुधियाना जेल के अंदर हुई हिंसक झड़प पंजाब में शासन की पूर्ण विफलता को उजागर करती है। अगर जेल के अंदर कानून-व्यवस्था बनाए नहीं रखी जा सकती, तो बाहर सार्वजनिक सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?' वड़िंग ने कहा कि AAP सरकार के तहत अपराधी बेखौफ महसूस कर रहे हैं और सिस्टम असहाय दिख रहा है।
सूत्रों के हवाले से पीटीआई ने बताया कि पंजाब के जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को घटना की जानकारी दी गई है। मंत्री ने जेल अधिकारियों को इस पूरी घटना पर एक विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द सौंपने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही जेल में आगे किसी तरह को कोई घटना न हो इसे लेकर अधिकारियों को निर्देश भी दिए है।