Punjab Police Bust: पंजाब पुलिस ने जालंधर की काउंटर इंटेलिजेंस के साथ मिलकर गणतंत्र दिवस समारोह से पहले प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस संयुक्त अभियान के दौरान गढ़शंकर, होशियारपुर से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान दिलजोत सिंह सैनी, हरमन उर्फ हैरी, अजय उर्फ मेहरा और अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श कंडोला के रूप में हुई है।
पंजाब पुलिस के DGP गौरव यादव ने बताया कि उन्होंने चार सदस्यों से एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED, 2.5 किलोग्राम RDX) और दो पिस्तौलें कारतूसों के साथ बरामद की हैं। पुलिस ने बताया कि इस मॉड्यूल का संचालन अमेरिका स्थित BKI हैंडलर्स द्वारा किया जा रहा था।
प्रारंभिक जांच में यह पता चला कि बरामद IED आगामी गणतंत्र दिवस के अवसर पर किसी विशेष निशाने पर हमला करने के लिए तैयार किया गया था।
पुलिस ने बताया कि गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत होशियारपुर के गढ़शंकर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है।
डीजीपी ने पोस्ट कर दी जानकारी
एक X पोस्ट में, पंजाब पुलिस के डीजीपी ने लिखा, “पाकिस्तान के ISI-समर्थित आतंक नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता में, होशियारपुर पुलिस ने काउंटर इंटेलिजेंस, जालंधर के साथ मिलकर बैन किए गए संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के एक आतंकी मॉड्यूल को पकड़ लिया और चार आतंकवादियों के पास से एक IED (2.5 किलो RDX) और दो पिस्टल सहित कारतूस बरामद किए।”