Assembly Election Results: 4 मई को पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में जिस तरह के चुनावी नतीजे सामने आए हैं, उनकी धमक लंबे समय तक सुनाई पड़ेगी। इस बीच इन चुनावी नतीजों के बाद विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने क्षेत्रीय दलों के प्रमुखों से संपर्क साधा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि राहुल गांधी ने सोमवार शाम को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और अभिनेता से नेता बने विजय से बातचीत की।
ममता और स्टालिन के साथ परिणामों पर चर्चा
राहुल गांधी ने ममता बनर्जी और एमके स्टालिन से चुनाव के बाद की स्थिति और नतीजों को लेकर विमर्श किया। गौरतलब है कि इन दोनों ही दिग्गजों के लिए यह चुनाव निराशाजनक रहा है। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस को भाजपा के हाथों करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस ने यहां ममता की टीएमसी और भाजपा दोनों के खिलाफ अकेले चुनाव लड़ा था। तमिलनाडु में मुख्यमंत्री स्टालिन की पार्टी डीएमके को पहली बार चुनावी मैदान में उतरे विजय की पार्टी TVK ने पराजित कर दिया है। कांग्रेस ने यहां डीएमके के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था।
राहुल गांधी ने तमिलनाडु की राजनीति में सुनामी लाने वाले तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के अध्यक्ष विजय को फोन कर उनकी पार्टी के बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बधाई दी। विजय ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में राज्य की स्थापित द्रविड़ पार्टियों को पीछे छोड़ते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। कांग्रेस की ओर से की गई यह बातचीत भविष्य की राजनीतिक रणनीतियों और गठबंधन की संभावनाओं के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, विशेषकर तब जब क्षेत्रीय दलों के समीकरण पूरी तरह बदल चुके हैं।