Raja Raghuvanshi Case : राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक के बाद एक कई खुलासे हो रहे हैं। इस हत्याकांड के बाद आरोपियों के खिलाफ लोगों में गुस्से का माहौल भी देखा जा रहा है। वहीं राजा रघुवंशी की हत्या के आरोपियों पर मंगलवार की शाम हमला हो गया है। जानकारी के मुताबिक आरोपियों को मेघालय पुलिस इंदौर से शिलॉन्ग ले जाने के लिए इंदौर एयरपोर्ट पहुंची। आरोपियों को जब एयरपोर्ट के अंदर ले जाया जा रहा था उसी वक्त एक यात्री ने एक आरोपी पर हमला कर दिया।
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में एयरपोर्ट पर मौजूद यात्री ने एक आरोपी को थप्पड़ जड़ता हुआ कैमरे में कैद हो जाता है। बता दें कि राजा रघुवंशी की हत्या के बाद लोगों में काफी रोष है।
बता दें कि इंदौर के राजा रघुवंशी ने 11 मई 2025 को धूमधाम से सोनम से शादी की थी। शादी के 12 दिन बाद ही पत्नी सोनम ने उनकी हत्या करवा दी। मेघालय हनीमून मनाने गए राजा को 23 मई को जंगलों में मार दिया गया। घटना के 17 दिन बाद 8 और 9 जून के बीच की रात उसने गाजीपुर में आकर सरेंडर कर दिया। हालांकि सोनम के सरेंडर को लेकर भी कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के मुकाबिक हत्या की स्क्रिप्ट शादी के महज 10 दिन बाद ही लिख दी गई थी।
मेघालय पुलिस ने राजा रघुवंशी हत्याकांड के आरोपियों को पकड़ने के लिए एक विशेष ऑपरेशन चलाया, जिसका नाम 'ऑपरेशन हनीमून' रखा गया। इस ऑपरेशन के तहत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।